रायपुर। क्रिकेट प्रेमियों के लिए राहतभरी और रोमांचक खबर है। राजधानी रायपुर आगामी 3 दिसंबर को भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेले जाने वाले दूसरे वनडे मैच की मेजबानी करेगा। मुकाबला शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा, जिसके लिए तैयारियां तेज गति से आगे बढ़ रही हैं। छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ (CSCS) के डायरेक्टर विजय साहू ने प्रेसवार्ता के दौरान मैच से जुड़ी मुख्य जानकारियाँ साझा कीं।
•22 नवंबर से ऑनलाइन टिकट बिक्री
विजय साहू ने बताया कि मैच के टिकटों की ऑनलाइन बिक्री 22 नवंबर से शुरू होगी। टिकट TicketGini वेबसाइट पर उपलब्ध रहेंगी। इस बार टिकटों के दाम 800 रुपये से 20,000 रुपये के बीच रखे गए हैं, ताकि हर वर्ग के दर्शक अंतरराष्ट्रीय मुकाबले का आनंद उठा सकें।
•स्टूडेंट्स के लिए विशेष छूट
CSCS ने छात्रों के लिए इस बार विशेष रियायत की घोषणा की है। स्टूडेंट टिकट की कीमत — 800 रुपये,पिछले वर्ष की तुलना में 200 रुपये की कमी ,प्रत्येक छात्र अपना वैध छात्र पहचान पत्र दिखाकर केवल एक टिकट ही खरीद सकेगा । यह कदम युवाओं में खेल के प्रति उत्साह बढ़ाने और उन्हें अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का अनुभव देने के उद्देश्य से उठाया गया है।
•टिकट की कैटेगरी और रेंज
टिकटों को कई श्रेणियों में विभाजित किया गया है:
स्टूडेंट टिकट: 800 रुपये स्टैंड्स: 1,500 / 2,500 / 3,500 / 6,000 / 8,000 / 10,000 / 20,000 रुपये
सिल्वर: 6,000 रुपये
गोल्ड: 8,000 रुपये
प्लैटिनम: 10,000 रुपये
कॉरपोरेट बॉक्स: 20,000 रुपये
एक व्यक्ति अधिकतम चार टिकट ही खरीद सकेगा।
•24 नवंबर से फिजिकल टिकट उपलब्ध
ऑनलाइन विकल्प के साथ-साथ दर्शकों की सुविधा के लिए फिजिकल टिकट भी उपलब्ध रहेंगी। 24 नवंबर से शहीद वीर नारायण सिंह इंडोर स्टेडियम के टिकट काउंटर से फिजिकल टिकट खरीदी जा सकेंगी। यह सुविधा उन लोगों के लिए कारगर होगी जो ऑनलाइन प्रक्रिया से अधिक परिचित नहीं हैं।
•दिव्यांग बच्चों के लिए निःशुल्क प्रवेश
3 दिसंबर को विश्व दिव्यांग दिवस होने के कारण CSCS ने एक महत्वपूर्ण और संवेदनशील पहल की है। दिव्यांग बच्चों को मैच निःशुल्क दिखाया जाएगा,उनके लिए स्टेडियम में विशेष सीटिंग व्यवस्था,आने–जाने के लिए बस सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। यह कदम खेल जगत में समावेशिता को बढ़ावा देने का एक सराहनीय उदाहरण माना जा रहा है।
•रायपुर में फिर दिखेगा क्रिकेट का जोश
रायपुर ने पिछले समय में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट और IPL मुकाबलों की शानदार मेजबानी की है। इस बार भी दर्शकों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। हजारों प्रशंसकों के स्टेडियम पहुंचने और भारतीय टीम का उत्साहवर्धन करने की उम्मीद की जा रही है।