“पाटन क्षेत्र में सिंचाई संकट : सिपकोना माइनर से पानी छोड़ने की मांग तेज, कांग्रेस प्रतिनिधियों ने सौंपा ज्ञापन”


पाटन। विकासखण्ड पाटन क्षेत्र के किसानों के खेत अल्प वर्षा के कारण सूखने लगे हैं। सिंचाई के लिए पानी की मांग को लेकर विधायक प्रतिनिधि अशोक साहू, कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष राजेश ठाकुर और महेंद्र वर्मा ने बुधवार को पाटन अनुविभागीय अधिकारी के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मांग की गई कि तांदुला बांध और सिपकोना माइनर से तत्काल पानी छोड़ा जाए, ताकि किसानों की फसल चौपट होने से बच सके। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि 15 दिन पूर्व भी रानीतराई बंगला में ज्ञापन दिया गया था, लेकिन साय सरकार और विभागीय अधिकारियों की निष्क्रियता के कारण अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।

पूर्व जिपं उपाध्यक्ष अशोक साहू ने कहा कि पूर्ववर्ती भूपेश बघेल सरकार ने गौठान योजना और सिंचाई परियोजनाओं के जरिए किसानों के हित में दूरदर्शी कार्य किए थे, जिनका लाभ अब किसानों तक पहुंचना चाहिए। राजेश ठाकुर ने विभाग को सिपकोना माइनर के अंतिम छोर तक पानी पहुंचाने में सतर्कता बरतने की नसीहत दी। वहीं महेंद्र वर्मा ने आरोप लगाया कि विष्णु सरकार ने खाद संकट और मुनाफाखोरी को बढ़ावा दिया है।

किसान संतोष पटेल ने कहा कि रोपाई पूरी हो चुकी है, लेकिन पानी के अभाव में फसल सूखने लगी है। भेदप्रकाश वर्मा ने याद दिलाया कि भूपेश बघेल सरकार के समय खपरी, कौही और सिपकोना माइनर के सुदृढ़ीकरण के लिए करोड़ों रुपए खर्च हुए थे, जिसका तत्काल लाभ किसानों को मिलना चाहिए।ज्ञापन सौंपने के दौरान देवेंद्र चंद्रवंशी, दिनेश साहू, भविष्य जैन, नीरज सोनी और आनंद बघेल भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *