धमतरी। भोपाल राव पवार शासकीय पॉलिटेक्निक, रूद्री, धमतरी में 16 मार्च 2026 को संस्थान परिसर में “योग एवं उद्योग” विषय पर व्याख्यान एवं छात्र-छात्राओं का अलंकरण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को योग के महत्व तथा उद्योग और व्यावसायिक जीवन में उसके उपयोग के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष रूपनारायण सिन्हा थे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) भिलाई के निदेशक राजीव प्रकाश ने की। कार्यक्रम में जनजातीय सलाहकार समिति छत्तीसगढ़ शासन के सदस्य रामनाथ कश्यप तथा जिला धमतरी के पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अपने उद्बोधन में मुख्य अतिथि रूपनारायण सिन्हा ने कहा कि भारत युवाओं का देश है और दुनिया में सबसे अधिक आबादी युवा है, इसलिए युवाओं को सशक्त बनाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि योग के माध्यम से युवाओं में राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ-साथ उनके शारीरिक और मानसिक विकास को मजबूत किया जा सकता है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए आईआईटी भिलाई के निदेशक श्री राजीव प्रकाश ने योग के वैज्ञानिक एवं व्यावहारिक पक्ष पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धी दौर में योग युवाओं को तनाव और अवसाद से बाहर निकालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने उद्योग, व्यापार और व्यावसायिक जगत में निर्णय क्षमता को बेहतर बनाने के लिए भी योग अपनाने की सलाह दी और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में इसके मनोवैज्ञानिक महत्व को रेखांकित किया। जिला पुलिस अधीक्षक श्री सूरज सिंह परिहार ने “योग एवं उद्योग” जैसे अनूठे विषय पर आयोजित व्याख्यानमाला की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस बल में भी जवानों को शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रखने के लिए योग की आवश्यकता है। वहीं जनजातीय सलाहकार समिति के सदस्य श्री रामनाथ कश्यप ने कहा कि योग केवल स्वास्थ्य का माध्यम नहीं बल्कि “वसुधैव कुटुम्बकम” की भावना को मजबूत करने वाला भारतीय दर्शन है। उन्होंने युवाओं से समाज और राष्ट्र के सामने आने वाली चुनौतियों का सामना करने के लिए योग को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
अतिथियों के उद्बोधन के पश्चात पॉलिटेक्निक कॉलेज के पूर्व मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान किया गया, जो आज समाज में विभिन्न उच्च पदों पर कार्य करते हुए संस्थान का नाम रोशन कर रहे हैं। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि, अध्यक्ष एवं अन्य अतिथियों का भी शॉल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया। संस्थान परिसर में आयोजित यह कार्यक्रम धमतरी क्षेत्र में अपने प्रकार का पहला आयोजन रहा, जिसमें योग की महत्ता तथा उद्योग जगत में उसके महत्व पर विस्तार से चर्चा की गई।