पाटन। जनपद पंचायत पाटन क्षेत्र की ग्राम पंचायतों को वित्तीय वर्ष 2021-22 की लंबित गौण खनिज अनुदान राशि जल्द मिलने की संभावना है। इस संबंध में जनपद पंचायत पाटन की अध्यक्ष कीर्ति नायक ने राज्य शासन के खनिज साधन विभाग के प्रमुख सचिव श्री पी. दयानंद से मुलाकात कर पंचायतों की ओर से अपनी मांग रखी।.मुलाकात के दौरान श्रीमती नायक ने बताया कि पाटन क्षेत्र की कई ग्राम पंचायतों में गौण खनिज से संबंधित अनुदान राशि लंबे समय से लंबित है, जिसके कारण पंचायतों में होने वाले विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने पंचायतों के विकास और ग्रामीणों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लंबित राशि का शीघ्र भुगतान करने का आग्रह किया।
इस पर मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव एवं खनिज साधन विभाग के प्रमुख सचिव श्री पी. दयानंद ने आश्वासन दिया कि वित्तीय वर्ष 2021-22 की लंबित गौण खनिज अनुदान राशि को मार्च माह के भीतर पंचायतों के खातों में अंतरित करने की प्रक्रिया विभागीय स्तर पर प्रारंभ कर दी गई है। जनपद अध्यक्ष श्रीमती नायक ने विश्वास जताया कि राशि जारी होने से क्षेत्र की ग्राम पंचायतों में लंबित विकास कार्यों को गति मिलेगी और ग्रामीणों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।