“आपात बैठक नहीं, मोदी सरकार के 12 साल पर रणनीति बैठक थी” : CM साय, बोले- छत्तीसगढ़ में जल्द लागू होगा UCC

“आपात बैठक नहीं, मोदी सरकार के 12 साल पर रणनीति बैठक थी” : CM साय, बोले- छत्तीसगढ़ में जल्द लागू होगा UCC

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मुख्यमंत्री निवास में आयोजित मंत्रियों और विधायकों की बैठक को लेकर चल रही चर्चाओं पर विराम लगाते हुए स्पष्ट किया कि यह कोई आपातकालीन बैठक नहीं थी। उन्होंने कहा कि बैठक का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करना था। मुख्यमंत्री साय ने बताया कि केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए “12 वर्ष बेमिसाल” अभियान चलाया जाएगा। इसी को लेकर मंत्रियों और विधायकों के साथ चर्चा की गई तथा संगठनात्मक और जनसंपर्क गतिविधियों की समीक्षा भी की गई।
राहुल गांधी के दौरे पर साधा निशाना
21 जून को कांग्रेस नेता राहुल गांधी के प्रस्तावित छत्तीसगढ़ दौरे पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राहुल गांधी जहां भी जाते हैं, वहां कांग्रेस को राजनीतिक नुकसान उठाना पड़ता है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की कथनी और करनी में अंतर है, जिसके कारण जनता का भरोसा पार्टी से लगातार कम हो रहा है।
छत्तीसगढ़ में UCC लागू करने की तैयारी
समान नागरिक संहिता (UCC) के मुद्दे पर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार गंभीरता से इस दिशा में काम कर रही है। उन्होंने बताया कि इसके लिए एक समिति गठित की गई है, जो विभिन्न पहलुओं का अध्ययन कर रही है। मानसून सत्र तक समिति अपनी रिपोर्ट सौंप सकती है, जिसके बाद आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
महाराष्ट्र के विधायक कर रहे अध्ययन
मुख्यमंत्री ने बताया कि महाराष्ट्र से आए विधायकों का एक प्रतिनिधिमंडल इन दिनों छत्तीसगढ़ के दौरे पर है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की धान खरीदी व्यवस्था पूरे देश में एक मॉडल के रूप में देखी जा रही है। महाराष्ट्र के विधायक इसी व्यवस्था का अध्ययन कर रहे हैं ताकि किसानों के हित में वहां भी बेहतर नीतियां लागू की जा सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *