32 दिन से हड़ताल पर NHM कर्मचारी, रायपुर में किया जेल भरो आंदोलन

32 दिन से हड़ताल पर NHM कर्मचारी, रायपुर में किया जेल भरो आंदोलन

रायपुर। छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) कर्मचारियों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। नियमितीकरण और 10 सूत्रीय मांगों को लेकर कर्मचारी पिछले 32 दिन से माना तूता धरना स्थल पर आंदोलनरत हैं। इसी कड़ी में शुक्रवार को कर्मचारियों ने जेल भरो आंदोलन का आगाज किया, जिसमें प्रदेशभर के हजारों NHM कर्मचारी शामिल हुए।

जेल भरो आंदोलन में रायपुर, सरगुजा और जगदलपुर समेत प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। आंदोलनकारी मंत्रालय जाने वाले मार्ग पर बैठ गए, जिससे चक्का जाम की स्थिति निर्मित हो गई।

कर्मचारियों ने पुलिस प्रशासन के सामने सामूहिक गिरफ्तारी दी। इस दौरान पुलिस और कर्मचारियों के बीच झूमाझटकी भी हुई। कर्मचारियों का कहना है कि सरकार जब तक उनकी 10 सूत्रीय मांगों को पूरा नहीं करती और नियमितीकरण की घोषणा नहीं करती, तब तक यह आंदोलन जारी रहेगा।

NHM कर्मचारियों ने इससे पहले सत्याग्रह, जल सत्याग्रह, भूख हड़ताल और रोजगार मेला जैसे कई प्रकार के प्रदर्शन किए हैं। लेकिन आज का जेल भरो आंदोलन अब तक का सबसे बड़ा और व्यापक आंदोलन माना जा रहा है।

आंदोलन में महिला कर्मचारी भी अपने बच्चों के साथ सड़क पर उतरीं, जिससे विरोध और तीव्र हो गया। कर्मचारियों ने सरकार से सीधा सवाल किया – “आखिर हमारी मांग कब पूरी होगी और यह आंदोलन और कितने दिन चलेगा?”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *