शहीद डोमेश्वर साहू शासकीय महाविद्यालय में ‘पाई दिवस’ का आयोजन, विद्यार्थियों ने दी रोचक गणितीय प्रस्तुतियाँ

जामगांव (आर)। शहीद डोमेश्वर साहू शासकीय महाविद्यालय जामगांव (आर) में शनिवार को गणित विभाग द्वारा स्मार्ट क्लासरूम में ‘पाई दिवस’ का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को पाई (π) के गणितीय, ऐतिहासिक एवं वैज्ञानिक महत्व से अवगत कराना तथा भारतीय गणितीय परंपरा में इसके योगदान को समझाना था।
कार्यक्रम के दौरान बी.एससी. द्वितीय सेमेस्टर के छात्र-छात्राओं ने पाई से संबंधित विभिन्न विषयों पर पीपीटी के माध्यम से रोचक प्रस्तुतियाँ दीं। बी.एससी. गणित चतुर्थ सेमेस्टर के छात्र कल्याण कुमार एवं कुणाल कुमार ने चूड़ियों की सहायता से बेलन का आयतन ज्ञात करने की रोचक प्रस्तुति देकर सभी का ध्यान आकर्षित किया। वहीं बी.एससी. द्वितीय सेमेस्टर के छात्र प्रिंस साहू ने ‘वैदिक गणित में पाई का स्थान’, युवराज ने ‘पाई का उपयोग’, धीरज ने ‘पाई के रोचक तथ्य’ तथा वर्षा ठाकुर ने ‘पाई का इतिहास’ विषय पर अपने विचार प्रस्तुत किए। बी.ए. द्वितीय सेमेस्टर की छात्रा कु. डॉली ने ‘पाई का तुलनात्मक अध्ययन’ विषय पर जानकारी साझा की।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं प्राध्यापिका श्रीमती नीता कुम्हारे ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शैक्षणिक कार्यक्रम विद्यार्थियों में गणित के प्रति रुचि और वैज्ञानिक सोच विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम का संचालन बी.एससी. चतुर्थ सेमेस्टर की छात्राएँ कु. चांदनी देवांगन एवं कु. तारिणी साहू ने किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *