जंतर-मंतर पर CJP के आंदोलन में शामिल हुई JCC(J): अमित जोगी बोले- देश को चाहिए तीसरा राजनीतिक विकल्प, छात्रों के मुद्दे पर साथ आएंगे दल

जंतर-मंतर पर CJP के आंदोलन में शामिल हुई JCC(J): अमित जोगी बोले- देश को चाहिए तीसरा राजनीतिक विकल्प, छात्रों के मुद्दे पर साथ आएंगे दल

रायपुर। जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) ने नई दिल्ली के जंतर-मंतर में आयोजित कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन में भाग लेकर राष्ट्रीय परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के मुद्दे पर अपना समर्थन जताया। पार्टी का दावा है कि वह CJP के आंदोलन में शामिल होने वाली देश की पहली मान्यता प्राप्त राजनीतिक पार्टी है। जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के अनुसार यह प्रदर्शन केंद्रीय शिक्षा मंत्री से इस्तीफे की मांग और छात्रों के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर जवाबदेही तय करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया। पार्टी ने स्पष्ट किया कि उसका समर्थन पूरी तरह मुद्दा-आधारित है और शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की दिशा में है।

इस दौरान पार्टी अध्यक्ष Amit Jogi ने कहा कि वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों में पारंपरिक दलों के सामने अस्तित्व बनाए रखने की चुनौती है। उन्होंने कहा कि केवल किसी विचारधारा से जुड़े रहना पर्याप्त नहीं है, बल्कि राजनीति में टिके रहने के लिए संघर्ष और जीवटता भी जरूरी है। अमित जोगी ने प्रतीकात्मक रूप से कहा कि राजनीति में बने रहने के लिए “कॉकरोच जैसी जिजीविषा” चाहिए। उन्होंने छत्तीसगढ़ी संदर्भ देते हुए कहा कि राज्य में कॉकरोच को “झेंगुरा” कहा जाता है और वे जंतर-मंतर में “झेंगुरा” बनकर गर्व के साथ पहुंचेंगे।

पार्टी ने यह भी कहा कि फिलहाल उसका CJP के साथ जुड़ाव राष्ट्रीय परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों और छात्रों के हितों से जुड़े मुद्दों तक सीमित है। हालांकि भविष्य में समान विचारधारा वाले संगठनों के साथ सहयोग की संभावनाओं से भी इनकार नहीं किया गया। अमित जोगी ने कहा कि देश के युवाओं के बीच भाजपा और कांग्रेस से अलग एक मजबूत तीसरे राजनीतिक विकल्प की मांग लगातार बढ़ रही है। उनके अनुसार जनआंदोलन राजनीतिक दलों को आत्ममंथन का अवसर देते हैं और जनता की अपेक्षाओं को समझने का माध्यम बनते हैं। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों को लोगों की भावनाओं और युवाओं की आकांक्षाओं का सम्मान करना चाहिए तथा ऐसे आंदोलनों को लोकतांत्रिक व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव का अवसर मानना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *