दुर्ग कलेक्टर से मिले ताम्रध्वज साहू: खाद-बीज संकट पर सरकार को घेरा, दीपिका गाड़ा मामले में 50 लाख मुआवजा और सरकारी नौकरी की मांग

दुर्ग कलेक्टर से मिले ताम्रध्वज साहू: खाद-बीज संकट पर सरकार को घेरा, दीपिका गाड़ा मामले में 50 लाख मुआवजा और सरकारी नौकरी की मांग

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के पूर्व गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू ने सोमवार को दुर्ग कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर किसानों की खाद-बीज समस्या और रिसाली निवासी दीपिका गाड़ा की मौत के मामले में प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान उनके साथ दुर्ग शहर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल सहित कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। पूर्व मंत्री ताम्रध्वज साहू ने कहा कि खरीफ सीजन की शुरुआत से पहले जिले के किसान खाद और बीज की गंभीर कमी से जूझ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकांश सहकारी समितियों में डीएपी, यूरिया, पोटाश सहित आवश्यक उर्वरकों का पर्याप्त भंडारण नहीं है, जिससे किसानों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने बताया कि कांग्रेस प्रतिनिधियों द्वारा विभिन्न समितियों के निरीक्षण के दौरान किसानों ने खाद की भारी कमी की शिकायत की। कई स्थानों पर किसानों को उनकी जरूरत के अनुरूप खाद नहीं मिल रही है। कहीं डीएपी उपलब्ध है तो यूरिया नहीं, वहीं कई समितियों में पोटाश का भी अभाव है। इससे किसानों को अलग-अलग स्थानों पर भटककर खाद जुटानी पड़ रही है। ताम्रध्वज साहू ने धान बीज की गुणवत्ता और उपलब्धता पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि किसानों को उनकी मांग के अनुरूप धान बीज उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है। कई समितियों में सरना धान की मांग के बावजूद दूसरी किस्मों के बीज वितरित किए जा रहे हैं, जबकि कुछ स्थानों पर बीज की गुणवत्ता खराब होने की शिकायतें भी सामने आई हैं। कांग्रेस ने प्रशासन से वैज्ञानिक अनुशंसा के अनुसार पर्याप्त खाद और प्रमाणित बीज उपलब्ध कराने की मांग की है।

इस दौरान कांग्रेस ने रिसाली निवासी दीपिका गाड़ा की मौत का मामला भी प्रमुखता से उठाया। ताम्रध्वज साहू ने आरोप लगाया कि जिला अस्पताल में समय पर रक्त उपलब्ध नहीं होने के कारण युवती की जान चली गई। उन्होंने कहा कि यदि जांच में यह साबित होता है कि रक्त उपलब्ध होने के बावजूद परिजनों को डोनर लाने के लिए कहा गया, तो यह गंभीर प्रशासनिक लापरवाही होगी। कांग्रेस ने दीपिका गाड़ा मामले में दोषियों के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज करने, मृतका के परिजनों को 50 लाख रुपये मुआवजा देने तथा परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की है। पूर्व गृह मंत्री ने कहा कि किसानों और आम नागरिकों से जुड़े मुद्दों पर कांग्रेस लगातार संघर्ष करेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि खाद-बीज संकट और दीपिका गाड़ा मामले में शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो कांग्रेस सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन तेज करेगी। कलेक्टर ने दोनों मामलों में आवश्यक जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *