
YC न्यूज डेस्क |। झारखंड में JPSC-JSSC परीक्षा में कथित धांधली के विरोध में छात्रों का आंदोलन रविवार को 16वें दिन भी जारी रहा। सरकार और छात्र संगठनों के बीच गतिरोध अब तक खत्म नहीं हो सका है। दो दौर की वार्ता विफल रहने के बाद रविवार दोपहर 12 बजे तीसरे दौर की बातचीत प्रस्तावित है। छात्र नेताओं ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि इस बैठक में कोई ठोस निर्णय नहीं हुआ तो 10 अगस्त को विधानसभा का घेराव किया जाएगा। इधर, पिछले आठ दिनों से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो की तबीयत रविवार तड़के करीब तीन बजे अचानक बिगड़ गई। चिकित्सकों की टीम ने उन्हें तत्काल उपचार दिया और स्लाइन चढ़ाकर निगरानी में रखा गया है। उनकी बिगड़ती हालत के बाद धरनास्थल पर मौजूद छात्रों में चिंता बढ़ गई है।
फ्लैश लाइट मार्च में गूंजे सरकार विरोधी नारे
शनिवार देर शाम रांची में छात्रों ने फ्लैश लाइट मार्च निकाला। यह मार्च शहीद निर्मल महतो की शहादत दिवस के अवसर पर जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से अलबर्ट एक्का चौक तक निकाला गया। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और JPSC-JSSC परीक्षाओं को रद्द करने की मांग दोहराई। वर्तमान में छह छात्र परीक्षा रद्द करने और निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया की मांग को लेकर भूख हड़ताल पर बैठे हैं। आंदोलनकारी छात्रों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर स्पष्ट निर्णय नहीं लिया जाता, आंदोलन जारी रहेगा।
ABVP कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रोका
शनिवार सुबह ABVP कार्यकर्ता मुख्यमंत्री आवास के घेराव के लिए निकले थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें रास्ते में ही रोक दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तीखी बहस भी हुई। प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करते हुए धरनास्थल पर कैमरे भी लगा दिए हैं।
मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा
JPSC-JSSC परीक्षा में कथित गड़बड़ी का मामला अब सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया है। अधिवक्ता सत्यम सिंह के अनुसार, यह याचिका राजनीतिक नेता हरिशरण देवगन ने दायर की है। याचिका में परीक्षा प्रक्रिया की जांच और अभ्यर्थियों की शिकायतों पर कार्रवाई समेत चार प्रमुख मांगें रखी गई हैं।
सरकार ने जारी की ईमेल आईडी और फीडबैक नंबर
छात्रों से सुझाव लेने के लिए राज्य सरकार ने Jpsc.jssc.feedback@gmail.com ईमेल आईडी और एक फीडबैक नंबर जारी किया है। मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने कहा कि सरकार छात्रों के विभिन्न समूहों और अन्य स्टेकहोल्डरों से लगातार संवाद कर रही है तथा सभी सुझावों पर विचार करने के बाद निर्णय लिया जाएगा।
पीयूष मिश्रा ने छात्रों को दिया समर्थन
बॉलीवुड अभिनेता, लेखक और कवि पीयूष मिश्रा शनिवार को रांची स्थित आंदोलन स्थल पहुंचे और प्रदर्शनकारी छात्रों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि छात्रों की आंखों में दर्द देखकर वे यहां आए हैं और अपनी क्षमता के अनुसार हर संभव सहायता करने का प्रयास कर रहे हैं। इस दौरान पीयूष मिश्रा ने अपना चर्चित गीत ‘आरंभ है प्रचंड’ गाकर छात्रों का उत्साह बढ़ाया। उनके समर्थन से आंदोलन को नई ऊर्जा मिली और धरनास्थल पर मौजूद छात्रों ने जोरदार स्वागत किया।
दूसरी वार्ता भी रही बेनतीजा
शनिवार को राज्य सरकार के प्रतिनिधिमंडल और छात्र नेताओं के बीच दूसरे दौर की वार्ता हुई थी, लेकिन कोई ठोस निष्कर्ष नहीं निकल सका। बैठक में सरकार की ओर से मंत्री दीपिका पांडे सिंह, सुदिव्य कुमार सोनू और संजय कुमार यादव शामिल हुए, जबकि छात्र प्रतिनिधिमंडल में दीनबंधु मंडल, पूजा कुमारी, चंदन कुमार, बिमल कुमार, प्रेम कुमार, रविशंकर, अमित कुमार शर्मा और रामावतार महतो मौजूद थे। इससे पहले शुक्रवार को भी दूसरे छात्र गुट के प्रतिनिधियों के साथ बातचीत हुई थी, लेकिन वह भी निष्फल रही। लगातार वार्ता विफल होने से अभ्यर्थियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
विधानसभा घेराव की तैयारी तेज
छात्र संगठनों ने 10 अगस्त को विधानसभा घेराव की तैयारी शुरू कर दी है। आंदोलनकारी नेताओं का कहना है कि यदि तीसरे दौर की वार्ता में भी कोई ठोस समाधान नहीं निकलता, तो राज्यव्यापी छात्र आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। देवेंद्र नाथ महतो की बिगड़ती सेहत और लगातार जारी गतिरोध ने झारखंड के छात्र आंदोलन को और संवेदनशील बना दिया है। अब सभी की नजरें रविवार को होने वाली तीसरी वार्ता पर टिकी हैं, जिससे आंदोलन की अगली दिशा तय होगी।