
जामगांव आर। स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी एवं हिंदी माध्यम विद्यालय, जामगांव आर में 15 अगस्त की गतिविधियों के अंतर्गत ‘भारतीय संविधान की समतुल्यता’ विषय पर चित्रकला (पेंटिंग) प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसके साथ ही विद्यालय में विश्व आदिवासी दिवस भी उत्साह एवं धूमधाम के साथ मनाया गया। विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थी बस्तर की समृद्ध आदिवासी संस्कृति से प्रेरित आकर्षक पारंपरिक वेशभूषा में विद्यालय पहुंचे। बच्चों ने हाथों में तीर-धनुष लेकर मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिसने विद्यालय परिसर में छत्तीसगढ़ की लोक एवं आदिवासी संस्कृति की जीवंत झलक प्रस्तुत की।
इस अवसर पर विद्यालय की श्रीमती कविता साहू ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि, “वास्तव में छत्तीसगढ़ की आत्मा बस्तर के उन भोले-भाले आदिवासियों में बसती है, जिनकी निश्छलता आज इस कार्यक्रम में देखने को मिली।” उन्होंने सभी विद्यार्थियों को कार्यक्रम के लिए ढेरों शुभकामनाएं एवं बधाई दी। पेटिंग प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों ने भारतीय संविधान में निहित समानता, समतुल्यता और लोकतांत्रिक मूल्यों को चित्रों के माध्यम से अभिव्यक्त किया। वहीं आदिवासी दिवस के आयोजन ने विद्यार्थियों को प्रदेश की विविधतापूर्ण संस्कृति, परंपराओं और लोक जीवन से परिचित होने का अवसर प्रदान किया। कार्यक्रम में प्राथमिक विभाग की प्रधान पाठिका श्रीमती खैरून निशा खान, श्री राजेंद्र नाग, श्री एमन कुमार, श्रीमती रचना तिवारी, सुश्री प्रियंका सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। आयोजन में विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही।