दुर्ग। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मंत्री जितेन्द्र वर्मा को भाजपा राजनांदगांव जिला संगठन प्रभारी नियुक्त किया गया है। भाजपा प्रदेश नेतृत्व एवं संगठन द्वारा उनकी नियुक्ति की आधिकारिक घोषणा के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं में हर्ष और उत्साह का वातावरण है। गौरतलब है कि जितेन्द्र कुमार वर्मा पूर्व में दुर्ग जिला भाजपा अध्यक्ष रह चुके हैं। अपने कार्यकाल में उन्होंने जिले में संगठन को मजबूत बनाने, गुटबाजी को दूर कर कार्यकर्ताओं को एकजुट करने और पार्टी में नई ऊर्जा भरने का उल्लेखनीय कार्य किया था। संगठनात्मक कौशल और कार्यकर्ताओं को सक्रिय रखने की उनकी क्षमता को देखते हुए पार्टी नेतृत्व ने उन्हें यह नई जिम्मेदारी सौंपी है।
प्रदेश नेतृत्व का मानना है कि जितेन्द्र वर्मा की नियुक्ति से राजनांदगांव जिले में पार्टी का संगठन और अधिक सुदृढ़ होगा तथा आगामी राजनीतिक गतिविधियों में बेहतर समन्वय और विस्तार देखने मिलेगा। जिला और मंडल स्तर के पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत करते हुए कहा कि वर्मा के नेतृत्व में संगठन को नई दिशा, गति और मजबूती मिलेगी। उनकी नियुक्ति से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ है।