जामगांव आर। पाटन विकासखंड के ग्राम दरबार मोखली में प्रतिष्ठापूर्ण ग्रामीण स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें अंचल की नामी-गिरामी क्रिकेट टीमों ने हिस्सा लेकर खेल प्रेमियों का भरपूर मनोरंजन किया। प्रतियोगिता का विशेष आकर्षण यह रहा कि प्रारंभ से लेकर फाइनल तक सभी मुकाबले कड़े संघर्ष और रोमांच से भरपूर रहे। सेमीफाइनल एवं फाइनल मुकाबले में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों को रोमांचित कर दिया। फाइनल मैच में लायंस क्रिकेट क्लब कसही के कप्तान सुनील नायक ने अपनी कुशल कप्तानी, सटीक रणनीति और टीम के संतुलित खेल के दम पर ग्राम भरर की टीम को पराजित कर ग्राम कसही को प्रथम स्थान दिलाया। विजेता टीम को चैम्पियनशिप ट्रॉफी के साथ ₹15,000 नकद पुरस्कार प्रदान किया गया।
फाइनल विजेता टीम में प्रकाश वर्मा (बेस्ट कीपर), केंवल यादव (बेस्ट बॉलर), जय प्रकाश, आकाश वर्मा, मिहिर, धनीराम यादव, दुलेश्वर वर्मा, ललित, मनोज, सुजल एवं जीतू का योगदान सराहनीय रहा। प्रतियोगिता के समापन अवसर पर ग्राम के गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में पुरस्कार वितरण समारोह उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। आयोजन ने ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को मंच देने के साथ-साथ खेल भावना और आपसी भाईचारे का संदेश दिया।