YC न्यूज़ डेस्क। लोकप्रिय क्विज शो ‘कौन बनेगा करोड़पति सीजन 17’ को अपना दूसरा करोड़पति मिल गया है। रांची निवासी और सीआरपीएफ में इंस्पेक्टर के पद पर पदस्थ बिप्लव बिस्वास ने 1 करोड़ रुपये के सवाल का सही जवाब देकर इतिहास रच दिया। खास बात यह रही कि उन्होंने यह सवाल महज कुछ सेकेंडों में हल कर लिया, जिससे शो के होस्ट अमिताभ बच्चन के साथ-साथ दर्शक भी हैरान रह गए।
बिप्लव बिस्वास वर्तमान में छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में पदस्थ हैं। उन्होंने फास्टेस्ट फिंगर फर्स्ट राउंड जीतकर हॉटसीट तक का सफर तय किया। हॉटसीट पर बैठते ही उन्होंने अमिताभ बच्चन से गले मिलने की इच्छा जताई, जिसे बिग बी ने खुशी-खुशी पूरा किया। इस दौरान बिप्लव ने जंगलों में ड्यूटी के दौरान अपने अनुभव साझा किए और अपने साथियों के बलिदान को भी याद किया। खेल की शुरुआत में बिप्लव ने 5 लाख रुपये तक के सभी सवाल बिना किसी लाइफलाइन के हल किए। 12.50 लाख के सवाल पर उन्होंने ऑडियंस पोल का सहारा लिया, जबकि 25 लाख के सवाल में ‘संकेतसूचक’ लाइफलाइन का इस्तेमाल किया। 50 लाख के सवाल पर उन्होंने 50-50 लाइफलाइन चुनी।
इसके बाद आया सबसे रोमांचक पल—1 करोड़ रुपये का सवाल। सवाल सुनते ही बिप्लव ने कहा, “मैं किसी का समय बर्बाद नहीं करना चाहता,” और सीधे ऑप्शन डी चुना। उनका जवाब बिल्कुल सही निकला और कुछ ही सेकेंडों में उन्होंने 1 करोड़ रुपये जीत लिए। इतनी तेजी से जवाब देने पर अमिताभ बच्चन और स्टूडियो में मौजूद दर्शक दंग रह गए। जीत के साथ बिप्लव को एक कार भी मिली।
1 करोड़ का सवाल और जवाब
सवाल था— स्टैच्यू ऑफ लिबर्टी को फ्रांस से अमेरिका ले जाने वाले जहाज का नाम क्या था?
बिप्लव का जवाब था— ‘इसेयर’, जो सही निकला। बिप्लव ने बताया कि उन्हें उस जहाज के स्टीयरमैन का नाम तक याद है।बिप्लव की सूझबूझ और गहरी जानकारी से प्रभावित होकर अमिताभ बच्चन ने उन्हें अपने परिवार के साथ घर पर डिनर का निमंत्रण भी दिया। यह पल न केवल शो के इतिहास में बल्कि दर्शकों के दिलों में भी लंबे समय तक यादगार बन गया।