महासमुंद। जिले के प्रसिद्ध खल्लारी मंदिर में रविवार सुबह बड़ा हादसा हो गया, जब मंदिर परिसर में संचालित रोप-वे का केबल अचानक टूट गया। केबल टूटते ही ट्रॉली ऊंचाई से नीचे की ओर आ गिरी, जिससे उसमें सवार श्रद्धालुओं में चीख-पुकार मच गई और मौके पर अफरा-तफरी फैल गई।
घटना के समय ट्रॉली में कई श्रद्धालु सवार थे। हादसे में कुल 8 श्रद्धालु घायल हुए हैं, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, केबल टूटते ही ट्रॉली जोरदार झटके के साथ नीचे आई, जिससे उसमें बैठे लोग चोटिल हो गए। बताया जा रहा है कि चैत्र नवरात्र के चलते मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी हुई है। ऊंचाई पर स्थित मंदिर तक पहुंचने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु रोप-वे का सहारा लेते हैं। रविवार सुबह भी नियमित रूप से श्रद्धालुओं को रोप-वे के जरिए ऊपर भेजा जा रहा था, तभी यह हादसा हो गया।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों, मंदिर प्रबंधन और पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल महासमुंद में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया।एहतियात के तौर पर रोप-वे सेवा को तत्काल बंद कर दिया गया है। प्रारंभिक जांच में तकनीकी खराबी को हादसे की वजह माना जा रहा है।
लापरवाही के आरोप, जांच के आदेश
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने रोप-वे की नियमित जांच और सुरक्षा मानकों के पालन में लापरवाही का आरोप लगाया है। प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश देते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है। नवरात्र के दौरान इस तरह की घटना ने श्रद्धालुओं में डर का माहौल पैदा कर दिया है और सुरक्षा व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं।