जामगांव आर। संस्कार पब्लिक स्कूल, आमालोरी गाड़ाडीह के विद्यार्थियों ने छत्तीसगढ़ बोर्ड द्वारा आयोजित कक्षा पाँचवीं एवं आठवीं की परीक्षाओं में शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है।
कक्षा पाँचवीं का परिणाम शत-प्रतिशत रहा, जिसमें किंशुक कुमार ने 98% अंक प्राप्त कर टॉपर का स्थान हासिल किया। उनके साथ देविका वर्मा ने भी 92% अंक अर्जित कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इन विद्यार्थियों की मेहनत, लगन और अनुशासन ने उनकी सफलता की राह को आसान बनाया।
वहीं, कक्षा आठवीं में भी विद्यार्थियों ने कमाल किया। तेजल वर्मा ने 85.67% अंक प्राप्त कर शीर्ष स्थान हासिल किया, जबकि हिमांगी देवांगन ने 81.83% अंकों के साथ अपना परचम लहराया। इन परिणामों ने यह सिद्ध कर दिया कि समर्पण और परिश्रम से कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता।
विद्यालय की प्राचार्या अर्चना शुक्ला ने विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों के संयुक्त प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने समस्त विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।