रायपुर में एसिड टैंकर से रिसाव: डेढ़ किलोमीटर तक सड़क फिसलन भरी, दो बाइक सवार घायल — SDRF ने रेत और केमिकल डालकर स्थिति संभाली

रायपुर। शुक्रवार सुबह रायपुर में एक एसिड टैंकर से रिसाव होने से अफरा-तफरी मच गई। सुबह करीब 9 बजे मंदिर हसौद क्षेत्र में यह हादसा हुआ, जब विशाखापट्टनम से ओडिशा मार्ग होते हुए रायपुर आ रहा टैंकर अचानक हाइड्रोक्लोरिक एसिड (HCl) लीक करने लगा। एसिड सड़क पर बहने से लगभग डेढ़ किलोमीटर लंबा हिस्सा फिसलन भरा और खतरनाक हो गया। इस दौरान दो बाइक सवार फिसलकर घायल हो गए।
टैंकर चालक को जैसे ही रिसाव का पता चला, उसने तुरंत वाहन रोका और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही मंदिर हसौद पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। सुरक्षा के मद्देनजर सड़क के एक हिस्से को बंद कर ट्रैफिक वन-वे कर दिया गया।
SDRF ने किया तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन
एसडीआरएफ टीम ने रेत, केमिकल और पानी डालकर एसिड को निष्क्रिय करने का काम शुरू किया। करीब एक घंटे के प्रयास के बाद सड़क की सफाई कर स्थिति को नियंत्रण में लाया गया। इसके बाद टैंकर की मरम्मत कराई गई और रिसाव बंद होने पर मार्ग को दोबारा आवागमन के लिए खोल दिया गया। हालांकि, इस दौरान इलाके में कुछ समय के लिए ट्रैफिक जाम की स्थिति भी बनी रही। पुलिस ने टैंकर के चार किलोमीटर पहले दोनों दिशाओं से वाहनों को डायवर्ट कर दिया था ताकि किसी और दुर्घटना की संभावना न रहे।
हादसे का कारण और खतरा
मंदिर हसौद पुलिस के अनुसार, यह टैंकर भनपुरी स्थित एक फैक्ट्री के लिए हाइड्रोक्लोरिक एसिड लेकर आ रहा था। मार्ग में पाइपलाइन या वाल्व के खराब होने से एसिड रिसाव हुआ। एक्सपर्ट डॉ. अजय सोनी, डिप्टी डायरेक्टर (एनडीपीएस) के मुताबिक, हाइड्रोक्लोरिक एसिड अत्यंत संक्षारक और खतरनाक अम्ल है। यह त्वचा या आंखों के संपर्क में आने पर गंभीर जलन और स्थायी क्षति कर सकता है। इसकी भाप सांस के जरिए शरीर में जाने पर फेफड़ों में जलन और सूजन जैसी समस्याएं पैदा हो सकती हैं। सड़क पर फैलने की स्थिति में यह पानी और मिट्टी के संपर्क में आकर धीरे-धीरे पतला हो जाता है।”
◆ राहत की बात
फायर ब्रिगेड और पुलिस की तत्परता से किसी बड़ी दुर्घटना या जनहानि से बचाव हो गया। दो घायल बाइक सवारों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल भेजा गया। टैंकर को सुरक्षित स्थान पर खड़ा कर लिया गया है, और पर्यावरण सुरक्षा मानकों के तहत क्षेत्र की अंतिम सफाई प्रक्रिया जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *