महानदी में बहती आई शराब की बोतलें, पुल पर मची ‘लूटने’ की होड़; तेज बहाव के बीच जान जोखिम में डालते दिखे लोग, VIDEO वायरल

महानदी में बहती आई शराब की बोतलें, पुल पर मची ‘लूटने’ की होड़; तेज बहाव के बीच जान जोखिम में डालते दिखे लोग, VIDEO वायरल

बांस-जाली और देसी जुगाड़ से बोतलें पकड़ने की कोशिश, बाढ़ के बीच सोमवारी बाजार पुल पर जुटी भीड़

अभनपुर। महानदी में आई बाढ़ के बीच सोमवारी बाजार पुल पर उस वक्त अजीबोगरीब नजारा देखने को मिला, जब तेज बहाव के साथ पानी में बहती शराब की बोतलें लोगों की नजर में आ गईं। शराब की बोतलें बहकर आने की खबर फैलते ही रायपुर और धमतरी जिले को जोड़ने वाले पुल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोग नदी के तेज बहाव के बीच बहती बोतलों को पकड़ने के लिए तरह-तरह के जुगाड़ करते नजर आए।

बताया जा रहा है कि धमतरी जिले की ओर से महानदी के तेज बहाव में प्लास्टिक की बोतलों में भरी शराब बहकर गोबरा नवापारा की ओर पहुंच रही थी। इसकी जानकारी मिलते ही कुछ लोग सोमवारी बाजार पुल के आसपास पहुंच गए। देखते ही देखते पुल पर भीड़ बढ़ गई और लोग नदी में बहकर आ रही बोतलों को पकड़ने की कोशिश करने लगे। वीडियो में कुछ लोग बांस में जाली लगाकर तो कुछ अन्य स्थानीय जुगाड़ के जरिए नदी के किनारे और पुल के आसपास बहती बोतलों को निकालते दिखाई दे रहे हैं। तेज बहाव और उफनती महानदी के बावजूद कई लोग शराब की बोतलें पकड़ने के लिए नदी के बेहद करीब तक जाते नजर आए।

बाढ़ के बीच लापरवाही, हादसे का खतरा

महानदी इस समय बाढ़ के कारण उफान पर है और पानी का बहाव तेज है। ऐसे में बोतलें पकड़ने की कोशिश करना लोगों के लिए जानलेवा साबित हो सकता है। थोड़ी सी चूक होने पर कोई व्यक्ति तेज बहाव में बह सकता है। सोमवारी बाजार पुल पर काफी देर तक लोगों की भीड़ जमा रही और बहकर आ रही शराब की बोतलों को लेकर लोगों के बीच चर्चा होती रही। वहीं बाढ़ की स्थिति को देखते हुए प्रशासन लगातार लोगों से नदी, पुल और तेज बहाव वाले स्थानों से दूरी बनाए रखने की अपील कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *