
1 जून से 26 सितंबर तक प्रदेश में 1150.5 मिमी बारिश; 14 जिलों में सामान्य से ज्यादा, पांच जिलों में अब भी बारिश की कमी
रायपुर, 26 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ में इस मानसून सीजन अब तक सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई है। 1 जून से 26 सितंबर तक प्रदेश में औसत 1089.6 मिमी के मुकाबले 1150.5 मिमी बारिश हुई है। इस तरह प्रदेश में अब तक सामान्य से 5.6 फीसदी अधिक वर्षा दर्ज की गई है। शुक्रवार को ही प्रदेश में औसतन 68.1 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई।प्रदेश का औसत बारिश का आंकड़ा सामान्य से ऊपर होने के बावजूद जिलों में वर्षा का वितरण एक जैसा नहीं है। कई जिलों में सामान्य से काफी अधिक बारिश हुई है, जबकि कुछ जिले अब भी बारिश की कमी से जूझ रहे हैं।
रायपुर में सामान्य से 41.6 फीसदी अधिक बारिश
राजधानी रायपुर में 1 जून से 26 सितंबर तक 1303.6 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य से 41.6 फीसदी अधिक है। दुर्ग में अब तक 963.8 मिमी बारिश हुई है, जो सामान्य से 17.6 फीसदी अधिक है। गरियाबंद में 1462.1 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य से 35.6 फीसदी ज्यादा है।
बलरामपुर में सामान्य से 71.1 फीसदी अधिक वर्षा
बलरामपुर में अब तक 1551.6 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य से 71.1 फीसदी अधिक है। नारायणपुर में 1720.2 मिमी बारिश हुई है, जो सामान्य से 29.3 फीसदी ज्यादा है।.इसी तरह मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में 1199.5 मिमी, बालोद में 1311.8 मिमी और धमतरी में 1301.1 मिमी बारिश दर्ज की गई है। इन जिलों में सामान्य से क्रमश: 24.6 फीसदी, 25.7 फीसदी और 22.2 फीसदी अधिक बारिश हुई है।
महासमुंद में सामान्य से 24.7 फीसदी, सारंगढ़-बिलाईगढ़ में 35 फीसदी और मुंगेली में 16.9 फीसदी ज्यादा बारिश दर्ज की गई है। प्रदेश के कुल 14 जिलों में सामान्य से अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई है।
इन जिलों में बारिश का आंकड़ा सामान्य से नीचे
दूसरी ओर कुछ जिलों में अभी भी सामान्य से कम बारिश हुई है। बीजापुर में सामान्य से 19.1 फीसदी कम, कांकेर में 16.9 फीसदी कम, सुकमा और बेमेतरा में 17.3 फीसदी कम तथा मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में सामान्य से 20.3 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है। इस तरह प्रदेश के एक हिस्से में मानसूनी बारिश सामान्य आंकड़े से काफी ऊपर पहुंच गई है, वहीं कुछ जिलों में बारिश की कमी बनी हुई है। आगामी दिनों की बारिश इन जिलों के वर्षा आंकड़ों में और बदलाव ला सकती है।