शराब-कारोबारी का बेटा शोएब ढेबर फरार:स्कूल-संचालक को दी थी जान से मारने की धमकी,FIR के बाद अंडरग्राउंड

रायपुर। राजधानी रायपुर में शराब कारोबारी के बेटे पर सड़क पर गाड़ी टक्कर मारने, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। घटना के बाद तेलीबांधा थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है, लेकिन आरोपी शहर छोड़कर फरार हो गया है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है। मामले के अनुसार, शराब घोटाले के आरोपी अनवर ढेबर के बेटे शोएब ढेबर पर स्कूल संचालक आरबी मिश्रा ने गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत के आधार पर तेलीबांधा थाना में गाली-गलौज और धमकी देने का प्रकरण दर्ज किया गया है।

क्या है पूरा मामला?

पीड़ित आरबी मिश्रा ने पुलिस को बताया कि 6 फरवरी की रात करीब 10 बजे वे विधायक कॉलोनी से वीआईपी रोड स्थित राम मंदिर दर्शन के लिए गए थे। दर्शन के बाद जब वे अपनी कार (CG-04-PY-5003) के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रही एक कार के चालक शोएब ढेबर ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उनकी कार को स्क्रैच मार दिया। जब मिश्रा ने सावधानी से वाहन चलाने की समझाइश दी, तो आरोपी ने बीच सड़क पर गाड़ी रोक दी और कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगा। घटना के बाद पीड़ित ने तेलीबांधा थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

चार बार घर पर रेड, मोबाइल बंद

FIR दर्ज होने के बाद पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है। थाना प्रभारी (निरीक्षक) अविनाश सिंह ने बताया कि आरोपी के घर पर अब तक चार बार दबिश दी जा चुकी है, लेकिन वह फरार है। जांच अधिकारियों के अनुसार आरोपी ने अपना मोबाइल फोन बंद कर रखा है। पुलिस टीम को उसकी गिरफ्तारी के लिए रवाना किया गया है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।

कौन है शोएब ढेबर?

शोएब ढेबर शराब घोटाले के आरोपी अनवर ढेबर का बेटा और रायपुर नगर निगम के पूर्व महापौर एजाज ढेबर का भतीजा है। 8 फरवरी को स्कूल संचालक की शिकायत पर उसके खिलाफ केस दर्ज किया गया।

पहले भी विवादों में रहा नाम

शोएब ढेबर का नाम पहले भी कई विवादों में सामने आ चुका है। 7 अगस्त 2025 को वह कथित तौर पर जेल में बिना अनुमति मुलाकात कक्ष में प्रवेश कर गया था और वहां अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया था। घटना के बाद जेल प्रशासन ने उसकी किसी भी कैदी से मुलाकात पर तीन महीने के लिए प्रतिबंध लगा दिया था। इस संबंध में गंज थाना में भी उसके खिलाफ मामला दर्ज हुआ था। इसके अलावा क्लब में मारपीट और कोरोना काल के दौरान पुलिसकर्मियों से विवाद का वीडियो भी वायरल हो चुका है। फिलहाल पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश जारी है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले ने राजधानी में कानून-व्यवस्था और प्रभावशाली परिवारों से जुड़े आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *