जामगांव आर । ग्राम जामगांव-आर में किसानों के लिए एक विशेष कार्यक्रम “महा किसान सम्मेलन” का आयोजन 10 मार्च 2026, मंगलवार को किया जा रहा है। यह कार्यक्रम दोपहर 12 बजे किसान चौक (बस स्टैंड के पास) में सद्गुरु कृषि केन्द्र के तत्वावधान में आयोजित होगा। आयोजकों ने बताया कि सम्मेलन में विभिन्न कंपनियों द्वारा कृषि क्षेत्र में उपयोगी नई तकनीकों, आधुनिक उपकरणों और उन्नत खेती के तरीकों की जानकारी किसानों को दी जाएगी। कार्यक्रम के दौरान किसानों के लिए “बम्पर लकी ड्रॉ” भी रखा गया है, जिसमें विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और कृषि क्षेत्र से जुड़े कई अतिथि उपस्थित रहेंगे। इनमें जनपद सदस्य रामकुमार चंद्राकर, सरपंच रूपेन्द्र शुक्ला, प्राधिकृत अधिकारी भगवान सिंह चंद्राकर, निरंजन जैन, कांति चंद्राकर तथा संतोष चंद्राकर प्रमुख रूप से शामिल होंगे।
आयोजन में किसानों के लिए भोजन की उत्तम व्यवस्था भी की गई है। इसके साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रम के रूप में छत्तीसगढ़ी लोककला मंच बेमेतरा द्वारा रंगारंग लोक संध्या की प्रस्तुति दी जाएगी, जिससे कार्यक्रम को और भी आकर्षक बनाया जाएगा। आयोजकों ने क्षेत्र के सभी किसानों और नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है। कार्यक्रम के आयोजक नरेश कुमार साहू और धारिका प्रसाद साहू हैं।