भिलाई। नारी सशक्तिकरण और महिला सम्मान को समर्पित नारी शक्ति वंदन सम्मेलन का भव्य आयोजन कला मंदिर सिविक सेंटर में गरिमामयी वातावरण में संपन्न हुआ। सम्मेलन में बड़ी संख्या में मातृशक्ति की सहभागिता ने इसे ऐतिहासिक और प्रेरणादायक बना दिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा उपस्थित रहीं। वहीं छत्तीसगढ़ राज्य शिल्प एवं हस्तशिल्प विकास बोर्ड की अध्यक्ष मोना सेन ने विशेष अतिथि के रूप में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इस अवसर पर दुर्ग महापौर अल्का बाघमार, जिला पंचायत अध्यक्ष सरस्वती बंजारे एवं नगर पालिका अध्यक्ष मीना वर्मा, जनपद पंचायत पाटन की अध्यक्ष कीर्ति नायक सहित कई जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
सम्मेलन में भाजपा महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष स्वीटी कौशिक, तृप्ति चंद्राकर, भाजपा जिलाध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन एवं सुरेंद्र कौशिक समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने, उन्हें आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने पर जोर दिया। साथ ही केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी साझा की गई। सम्मेलन में उपस्थित सभी अतिथियों और प्रतिभागियों ने एक स्वर में महिला सशक्तिकरण को और अधिक मजबूती देने तथा समाज में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का संचालन ममता राव ने किया, वहीं आभार प्रदर्शन कुमुद बघेल द्वारा किया गया।