नक्सल प्रभावित इलाके में सुरक्षा बलों की बड़ी कार्रवाई: 12 नक्सली स्मारक ध्वस्त, 2 आईईडी बरामद

दक्षिण बस्तर। जिले के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में लगातार सर्चिंग और एरिया डॉमिनेशन अभियान के तहत सुरक्षा बलों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अलग-अलग स्थानों पर नक्सलियों के 12 स्मारकों को ध्वस्त कर दिया। इसके साथ ही दो आईईडी भी बरामद किए गए, जिन्हें मौके पर ही निष्क्रिय कर नष्ट कर दिया गया। मिली जानकारी के अनुसार, Central Reserve Police Force (CRPF) की 214वीं बटालियन एरिया डॉमिनेशन के दौरान पिल्लूर इलाके में पहुंची। यहां बड़े काकलेर और पुलगुंडम के पास अलग-अलग स्थानों पर नक्सलियों द्वारा बनाए गए 7 स्मारकों को ध्वस्त किया गया। तलाशी के दौरान स्मारकों के पास कॉर्डेक्स वायर के साथ 2 बॉटल आईईडी बरामद हुए। बम निरोधक दस्ते ने सावधानीपूर्वक दोनों विस्फोटकों को नियंत्रित विस्फोट के जरिए नष्ट कर दिया। इसी तरह गंगालूर क्षेत्र में CRPF की 85वीं बटालियन ने मल्लूर के जंगल में बने लगभग 12 फीट ऊंचे नक्सली स्मारक को ध्वस्त किया। वहीं 222वीं बटालियन ने पालनार के पास 3 और पेद्दाकोरमा में 1 स्मारक को जमींदोज कर दिया।

सुरक्षा बलों का कहना है कि नक्सली इन स्मारकों का उपयोग अपने कैडरों और स्थानीय ग्रामीणों में भय और दबाव बनाने के साथ-साथ अपने प्रभाव वाले क्षेत्रों को चिह्नित करने के लिए करते रहे हैं। इन प्रतीकों को ध्वस्त कर सुरक्षा बलों ने क्षेत्र में नक्सलियों के आतंक के खिलाफ कड़ा संदेश दिया है। अधिकारियों के अनुसार, नक्सल प्रभावित इलाकों में सर्चिंग और एरिया डॉमिनेशन अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और विकास कार्यों को गति मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *