
रायपुर, 7 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ सरकार ने विभिन्न निगम, मंडलों, आयोगों और बोर्डों में नई नियुक्तियों की घोषणा करते हुए कई नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी हैं। राज्य शासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार सामाजिक, शैक्षणिक और कल्याणकारी संस्थाओं में नए अध्यक्षों की नियुक्ति की गई है। जारी आदेश के अनुसार गौरीशंकर श्रीवास को छत्तीसगढ़ राज्य केश शिल्प कल्याण बोर्ड का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वहीं ममता साहू को छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसी तरह रामलाल चौहान को छत्तीसगढ़ राज्य अनुसूचित जाति आयोग का अध्यक्ष बनाया गया है, जबकि आनंद निषाद को मछुआ कल्याण बोर्ड का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। राजेश कुमार राजपूत को छत्तीसगढ़ संस्कृत विद्यामंडल, राजेंद्र नायक को शाकंभरी बोर्ड तथा सुधीर गौतम को छत्तीसगढ़ राज्य शिक्षा आयोग का अध्यक्ष बनाया गया है।
राज्य सरकार की ओर से की गई इन नियुक्तियों को संगठनात्मक और प्रशासनिक दृष्टि से अहम माना जा रहा है। माना जा रहा है कि सरकार ने विभिन्न सामाजिक वर्गों को प्रतिनिधित्व देने के साथ-साथ संबंधित बोर्डों, आयोगों और संस्थाओं के कार्यों को अधिक प्रभावी और गतिशील बनाने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया है।