
पाटन ब्लॉक के किकीरमेटा निवासी को मिली जिम्मेदारी, विभिन्न निगम-मंडलों और बोर्डों में भी हुई नियुक्तियां
जामगांव आर। राज्य शासन ने मंगलवार को प्रदेश के विभिन्न निगम, मंडल, आयोग, बोर्ड, समितियों एवं अन्य संस्थाओं में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सदस्यों की नियुक्ति के आदेश जारी किए। इसी क्रम में पाटन ब्लॉक के ग्राम किकीरमेटा निवासी नेतराम निषाद को छत्तीसगढ़ मछुवा कल्याण बोर्ड का सदस्य मनोनीत किया गया है।
नेतराम निषाद की नियुक्ति से क्षेत्र के मछुआ समुदाय और समर्थकों में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों ने इसे क्षेत्र के लिए सम्मान बताते हुए उम्मीद जताई कि उनके अनुभव का लाभ मछुआ समाज के कल्याण और विकास से जुड़ी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में मिलेगा। राज्य शासन द्वारा जारी आदेश के तहत प्रदेश के विभिन्न निगम, मंडल, आयोग, बोर्ड, समितियों एवं अन्य संस्थाओं में भी अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सदस्यों की नियुक्तियां की गई हैं। नई नियुक्तियों से संबंधित संस्थाओं के कार्यों में और अधिक गति आने की उम्मीद जताई जा रही है।