
रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने संगठनात्मक गतिविधियों को और अधिक प्रभावी एवं सशक्त बनाने के उद्देश्य से संचार विभाग में नई नियुक्तियों की घोषणा की है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज की सहमति तथा प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला की अनुशंसा पर प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू ने 5 मुख्य प्रवक्ताओं और 3 वरिष्ठ प्रवक्ताओं की नियुक्ति का आदेश जारी किया है।
जारी आदेश के अनुसार पार्टी ने मीडिया, जनसंपर्क और संगठन की बातों को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाने के लिए अनुभवी नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी हैं। कांग्रेस का मानना है कि इन नियुक्तियों से पार्टी की संचार व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी तथा जनहित के मुद्दों को प्रभावी तरीके से उठाया जा सकेगा।
प्रदेश कांग्रेस द्वारा मुख्य प्रवक्ता पद पर आर.पी. सिंह, अमित श्रीवास्तव, धनंजय सिंह ठाकुर, सुरेन्द्र वर्मा एवं वंदना राजपूत को नियुक्त किया गया है। वहीं वरिष्ठ प्रवक्ता के रूप में नितिन भंसाली, सत्यप्रकाश और अभयनारायण राय को जिम्मेदारी सौंपी गई है। पार्टी नेताओं ने उम्मीद जताई है कि नई टीम संगठन की नीतियों, कार्यक्रमों और जनसरोकारों को जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इन नियुक्तियों को आगामी राजनीतिक गतिविधियों और संगठन विस्तार की रणनीति के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।