रानीतराई। दक्षिण पाटन क्षेत्र के ग्राम निपानी में आयोजित चार दिवसीय मानस महोत्सव में जिला पंचायत दुर्ग की सभापति कल्पना नारद साहू शामिल हुईं। इस अवसर पर उन्होंने बच्चों और युवाओं को संस्कारों से जोड़ने के लिए रामायण और मानस परंपरा की आवश्यकता पर जोर दिया।
कल्पना नारद साहू ने कहा कि आधुनिकता के दौर में मोबाइल की लत के कारण बच्चे और युवा संस्कारों से दूर होते जा रहे हैं। छोटी-छोटी बातों पर माता-पिता से झगड़ा करना, जिद में घर छोड़ देने जैसी प्रवृत्तियां समाज में बढ़ रही हैं, जो चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि ऐसे समय में मानस महोत्सव और रामायण आधारित आयोजन समाज को सही दिशा देने का कार्य करते हैं। उन्होंने बताया कि रामायण प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों में संस्कारों के बीज बोने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि वे आगे चलकर संस्कारवान नागरिक बन सकें। इस दौरान नारद साहू अध्यक्ष भाजयुमो दक्षिण पाटन, मेहत्तरराम वर्मा अध्यक्ष मानस संघ दुर्ग, रवि सिन्हा सभापति जनपद पंचायत पाटन, उमाशंकर शुक्ला, टेकेन्द्र सिन्हा, संतोष रघुवंशी, अभिषेक सेन सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।