चंदखुरी–करगाडीह कोलिहापुरी में मंडई मिलन व बाबा गुरु घासीदास जयंती महोत्सव संपन्न,विधायक ललित चंद्राकर बोले-मनखे-मनखे एक समान” का विचार विकसित छत्तीसगढ़ की मजबूत आधारशिला

दुर्ग। दुर्ग ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चंदखुरी, करगाडीह कोलिहापुरी में आयोजित मंडई मिलन एवं सतनाम पंथ के संस्थापक, छत्तीसगढ़ की संत परंपरा के अग्रणी बाबा गुरु घासीदास जी की जयंती महोत्सव कार्यक्रम में दुर्ग ग्रामीण विधायक एवं राज्य ग्रामीण तथा अन्य पिछड़ा वर्ग क्षेत्र विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष ललित चंद्राकर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर विधायक ललित चंद्राकर ने जैतखाम गुरुगद्दी एवं बाबा गुरु घासीदास जी के तैलचित्र पर पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया तथा प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। कार्यक्रम के दौरान समाज में उत्कृष्ट कार्य करने वाले सामाजिक जनों का सम्मान भी किया गया।

समारोह को संबोधित करते हुए विधायक ललित चंद्राकर ने कहा कि परम पूज्य बाबा गुरु घासीदास केवल किसी एक समाज के नहीं, बल्कि संपूर्ण मानवता के मार्गदर्शक थे। उनका अमर संदेश “मनखे-मनखे एक समान” सामाजिक समानता, मानवीय गरिमा और भाईचारे की सुदृढ़ नींव रखता है। उन्होंने कहा कि छुआछूत, भेदभाव और रूढ़ियों से ग्रस्त समाज को बाबा गुरु घासीदास ने सत्य, अहिंसा और समानता के मार्ग पर आगे बढ़ाया। श्री चंद्राकर ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार संत गुरु घासीदास बाबा के विचारों से प्रेरणा लेकर समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और न्याय पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की अधिकांश गारंटियों को बीते दो वर्षों में धरातल पर उतारा गया है। कार्यक्रम के दौरान विधायक ललित चंद्राकर ने जनभावनाओं का सम्मान करते हुए कोलिहापुरी में सतनाम भवन एवं डोम शेड निर्माण, ग्राम करगाडीह में यादव समाज के लिए सामुदायिक भवन निर्माण, सतनाम महिला समिति को वाद्य यंत्र हेतु स्वेच्छानुदान तथा साक्षी की शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता राशि प्रदान करने की घोषणा की।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य एवं सभापति श्रद्धा साहू, जनपद उपाध्यक्ष राकेश हिरवानी, उतई मंडल अध्यक्ष शीतला ठाकुर, सरपंच करण सेन, उपसरपंच रूपेंद्र साहू, पूर्व सरपंच धनश्याम गजपाल, संतोष सोनवानी, गिरिराज बघेल, आशा विक्की मिश्रा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *