
पाटन। ग्राम मर्रा में आयोजित सुशासन तिहार एवं समाधान शिविर में जनपद पंचायत पाटन की अध्यक्ष कीर्ति नायक ने कहा कि राज्य सरकार आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार का उद्देश्य प्रशासन को गांव और आम नागरिकों के और करीब लाना है, ताकि लोगों को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके। उन्होंने बताया कि समाधान शिविरों के माध्यम से विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याओं और मांगों का एक ही स्थान पर निराकरण किया जा रहा है। इससे ग्रामीणों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं। शिविर में प्राप्त कई आवेदनों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि अन्य मामलों को संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के लिए भेजा गया।
शिविर के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा जनहितकारी कार्य भी किए गए। पात्र हितग्राहियों को पट्टा वितरण, युवतियों को सेनेटरी पैड, जरूरतमंद परिवारों को मच्छरदानी, बच्चों एवं महिलाओं को सुपोषण आहार तथा हितग्राहियों को राशन कार्ड वितरित किए गए। इन गतिविधियों से ग्रामीणों में उत्साह और संतोष का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम में अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और उन्हें शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य नीलम चंद्राकर सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।