
रायपुर, 23 जुलाई। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 9वीं से 12वीं तक के नियमित विद्यार्थियों के प्रवेश, नामांकन एवं बोर्ड परीक्षा आवेदन प्रक्रिया संबंधी विस्तृत दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। मंडल ने सभी मान्यता प्राप्त स्कूलों को निर्देश दिया है कि वे 31 अगस्त 2026 तक विद्यार्थियों की प्रवेश सूची के साथ नामांकन एवं परीक्षा आवेदन फॉर्म ऑनलाइन भरना सुनिश्चित करें।
मंडल के अनुसार परीक्षा आवेदन शुल्क एवं परीक्षा शुल्क 30 सितंबर 2026 तक ऑनलाइन जमा करना अनिवार्य होगा। स्कूलों को पोर्टल लॉक (बंद) होने से पहले सभी प्रविष्टियों का सावधानीपूर्वक सत्यापन करने के निर्देश दिए गए हैं। यदि पोर्टल दोबारा खोलने की आवश्यकता पड़ती है तो संबंधित संस्था से प्रति दिन 1,000 रुपये विलंब शुल्क लिया जाएगा। यह शुल्क किसी भी स्थिति में विद्यार्थियों से नहीं वसूला जाएगा।
गलत जानकारी की जिम्मेदारी संस्था प्रमुख की
माशिमं ने स्पष्ट किया है कि कक्षा 9वीं से 12वीं तक के नियमित विद्यार्थियों की ऑनलाइन प्रविष्टि करते समय विशेष सावधानी बरती जाए। यदि किसी छात्र की जानकारी गलत दर्ज होती है तो इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित संस्था प्रमुख की होगी। मंडल ने यह भी स्पष्ट किया है कि कक्षा 10वीं एवं 12वीं के विषयों में संशोधन 31 दिसंबर 2026 के बाद स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
31 जनवरी तक दर्ज करने होंगे प्रैक्टिकल व प्रोजेक्ट के अंक
जारी गाइडलाइन के अनुसार प्रैक्टिकल एवं प्रोजेक्ट परीक्षा के अंक 31 जनवरी 2027 तक ऑनलाइन दर्ज करना अनिवार्य होगा। इसके बाद अंक प्रविष्टि अथवा संशोधन के लिए पोर्टल केवल दो दिनों के लिए खोला जाएगा। इस अवधि में भी पोर्टल खुलवाने पर प्रति दिन 1,000 रुपये विलंब शुल्क देय होगा, जिसकी गणना 31 जनवरी के बाद से की जाएगी।
अकादमिक स्टाफ की जानकारी अपलोड करना अनिवार्य
मंडल ने सभी मान्यता प्राप्त विद्यालयों को प्राचार्य सहित पूरे अकादमिक स्टाफ का विवरण भी पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड करने के निर्देश दिए हैं। निर्धारित समय सीमा तक जानकारी उपलब्ध नहीं कराने वाले विद्यालयों की प्रवेश सूची तथा विद्यार्थियों के परीक्षा आवेदन निरस्त किए जा सकते हैं।