रानीतराई। साहू समाज तेलीगुंडरा के तत्वाधान में संत माता कर्मा की 1010वीं जयंती श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में समाज के लोगों की बड़ी सहभागिता रही और पूरे आयोजन में भक्ति एवं सामाजिक एकता का वातावरण देखने को मिला। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष अशोक साहू रहे, जबकि अध्यक्षता तहसील साहू संघ पाटन के कार्यकारी अध्यक्ष दिनेश साहू ने की। विशेष अतिथि के रूप में जनपद पंचायत पाटन की अध्यक्ष कीर्ति नायक, पूर्व अध्यक्ष दिनेश कुमार साहू, जिला साहू संघ दुर्ग के कोषाध्यक्ष दिलीप साहू, प्रदेश साहू संघ की सदस्य चंद्रिका साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
अतिथियों ने भगवान श्रीकृष्ण एवं संत माता कर्मा की विधिवत पूजा-अर्चना कर समाज एवं ग्रामवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली और शांति की कामना की।
मुख्य अतिथि अशोक साहू ने अपने संबोधन में कहा कि माता कर्मा ने सच्ची श्रद्धा, भक्ति, त्याग और समर्पण के बल पर भगवान श्रीकृष्ण को प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समाज को भी इसी भावना को अपनाने की आवश्यकता है। उन्होंने यह भी कहा कि पद अस्थायी होते हैं, लेकिन समाज सेवा के प्रति समर्पण व्यक्ति को स्थायी सम्मान दिलाता है।
अध्यक्षता कर रहे दिनेश साहू ने अपने वक्तव्य में शिक्षा के साथ-साथ संस्कारों की अनिवार्यता पर जोर दिया। वहीं जनपद अध्यक्ष कीर्ति नायक ने कहा कि साहू समाज छत्तीसगढ़ में सबसे संगठित समाज के रूप में अपनी पहचान बना चुका है और उसकी निष्ठा एवं सेवा भावना अन्य समाजों के लिए प्रेरणास्रोत है। कार्यक्रम में समाज के अनेक गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में महिलाएं-पुरुष उपस्थित रहे। अंत में आभार प्रदर्शन के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।