लोकभवन में बच्चों के लिए मेगा हेल्थ कैंप : 250 बच्चों की हुई जांच, राज्यपाल रमेन डेका ने लिया जायजा

लोकभवन में बच्चों के लिए मेगा हेल्थ कैंप : 250 बच्चों की हुई जांच, राज्यपाल रमेन डेका ने लिया जायजा

रायपुर। राज्यपाल श्री रमेन डेका के निर्देशन में लोकभवन में 1 से 17 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। जिला प्रशासन रायपुर के ‘प्रोजेक्ट छांव’ के तहत आयोजित इस शिविर में लगभग 250 बच्चों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। लोकभवन स्थित छत्तीसगढ़ मंडपम में आयोजित शिविर में बच्चों की सामान्य बीमारियों के साथ-साथ हृदय रोग, दंत रोग, नेत्र रोग, नाक-कान-गला संबंधी समस्याओं, बीपी, शुगर तथा अन्य स्वास्थ्य संबंधी जांच एवं परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराई गई। विशेष रूप से बच्चों में हृदय रोग की पहचान के लिए स्क्रीनिंग भी की गई।

शिविर में खून जांच की सुविधा के साथ विभिन्न शासकीय एवं निजी स्वास्थ्य संस्थानों के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी रायपुर की टीम ने लैब जांच, बीपी एवं शुगर जांच की जिम्मेदारी संभाली। वहीं श्री सत्य साईं संजीवनी हॉस्पिटल द्वारा हृदय रोग संबंधी परामर्श, ईसीजी और ईको जांच की सुविधा उपलब्ध कराई गई। इसके अलावा श्री बालाजी डेंटल कॉलेज, बर्नियों हॉस्पिटल, रूप जीवन हॉस्पिटल और श्री गणेश विनायक नेत्रालय सहित अन्य संस्थानों ने भी स्वास्थ्य परीक्षण और परामर्श सेवाएं प्रदान कीं।

राज्यपाल श्री रमेन डेका ने शिविर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने चिकित्सकों से चर्चा कर बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाओं के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन भी दिया। स्वास्थ्य शिविर के माध्यम से बच्चों में प्रारंभिक स्तर पर बीमारियों की पहचान और समय पर उपचार सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई, जिसकी अभिभावकों ने भी सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *