दुर्ग। छत्तीसगढ़ राज्य के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रदेशभर में रजत महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में संचालनालय पेंशन एवं भविष्य निधि, छत्तीसगढ़, नवा रायपुर अटल नगर द्वारा जारी पत्र क्रमांक पे0भ0नि0/पेंशन-13/2026 दिनांक 23 जनवरी 2026 के अनुसार 23 जनवरी से 30 जनवरी 2026 तक संभाग एवं जिला स्तर पर पेंशन एवं वेतन निर्धारण संबंधी प्रकरणों के निराकरण हेतु विशेष शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं।
उक्त निर्देशों के पालन में दुर्ग संभाग अंतर्गत जिला कार्यालय दुर्ग, तहसील कार्यालयों एवं अन्य विभागों में कार्यरत अधिवार्षिकीय आयु पूर्ण करने वाले कर्मचारियों के पेंशन एवं वेतन निर्धारण प्रकरणों के शीघ्र निराकरण हेतु रोस्टर अनुसार शिविर आयोजित किए जाने की मांग की गई है। इस संबंध में छत्तीसगढ़ प्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ, दुर्ग के जिलाध्यक्ष भानु प्रताप यादव द्वारा कलेक्टर महोदय दुर्ग के माध्यम से सचिव, वित्त विभाग छत्तीसगढ़ शासन रायपुर एवं संचालक, पेंशन एवं भविष्य निधि, नवा रायपुर को ज्ञापन प्रेषित किया गया है।
जिलाध्यक्ष भानु प्रताप यादव ने बताया कि शिविर आयोजन से सेवानिवृत्त एवं सेवानिवृत्ति के निकट कर्मचारियों को राहत मिलेगी तथा लंबित प्रकरणों का त्वरित निराकरण संभव हो सकेगा। उन्होंने शासन से कर्मचारियों के हित में प्रभावी एवं सुचारु व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।