गणतंत्र दिवस पर शासकीय प्राथमिक शाला गातापार में विद्यार्थियों को बैग व टिफिन वितरण, साक्षरता प्रमाण पत्र भी वितरित

जामगांव आर । गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर शासकीय प्राथमिक शाला गातापार में हर्षोल्लास के साथ समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय में अध्ययनरत समस्त छात्राओं को स्कूल बैग वितरित किए गए तथा आंगनबाड़ी के बच्चों को टिफिन प्रदान किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिसने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। समारोह को संबोधित करते हुए सरपंच रेवाराम साहू ने कहा कि शासकीय प्राथमिक शाला गातापार में बच्चों की दर्ज संख्या में कमी आ रही है, जिसे बढ़ाने के लिए शाला प्रबंधन समिति एवं पंचायत के सहयोग से बच्चों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने ग्रामवासियों से अपील की कि वे निजी विद्यालयों के बजाय अपने बच्चों को शासकीय विद्यालयों में प्रवेश दिलाएं, जहां निःशुल्क गणवेश, पुस्तकें एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं समय-समय पर प्रदान की जाती हैं तथा शिक्षा की गुणवत्ता भी उच्च स्तर की है।

शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष केशव राम ठाकुर ने अमर शहीदों के बलिदान को स्मरण करते हुए पालकों से शासकीय विद्यालयों में नामांकन बढ़ाने का आह्वान किया। वहीं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता लता साहू ने महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी, जिसमें कन्यादान योजना अंतर्गत कन्या विवाह पर शासन द्वारा ₹50,000 की सहायता राशि प्रदान किए जाने की जानकारी प्रमुख रही। कार्यक्रम के दौरान उल्लास कार्यक्रम के अंतर्गत साक्षर बने कुल 26 निरक्षरों को अतिथियों द्वारा साक्षरता प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए। इस अवसर पर उपसरपंच दिलीप कुमार साहू, सांसद प्रतिनिधि टेशराम साहू, शाला प्रबंधन समिति के उपाध्यक्ष तालसिंह साहू, पंच पवन कुमार साहू, कौशिल्या साहू, विधायक प्रतिनिधि अरुण कुमार साहू, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता लता साहू, गौकरण साहू, देवेंद्र कुमार साहू, शिक्षक झामनलाल सोनवानी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। प्रधान पाठिका भुवनेश्वरी नेताम ने समस्त अतिथियों एवं ग्रामवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *