
जामगांव आर। शहीद डोमेश्वर साहू शासकीय महाविद्यालय जामगांव (आर)–भरर में महाविद्यालयीन यूथ रेडक्रॉस सोसायटी एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाटन के संयुक्त तत्वावधान में विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के उपलक्ष्य में एक दिवसीय मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में छात्र-छात्राओं को मानसिक तनाव से निपटने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के प्रति जागरूक किया गया।
कैरियर और प्रतिस्पर्धा के तनाव से मानसिक स्वास्थ्य प्रभावित: प्राचार्य
शिविर के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. शिखा अग्रवाल ने कहा कि आज के दौर में अनियमित जीवनशैली, कैरियर निर्माण की चिंता और कड़ी प्रतिस्पर्धा के चलते मानसिक स्वास्थ्य एक गंभीर चुनौती बन चुका है। युवाओं को मानसिक रूप से मजबूत रहने के लिए सकारात्मक सोच और संयमित दिनचर्या अपनानी चाहिए।
अवसाद की स्थिति में अपनों से चर्चा करें और विशेषज्ञ से लें परामर्श
शिविर में मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ कु. निशिका यादव ने मुख्य वक्ता के रूप में व्याख्यान दिया। उन्होंने मानसिक रोग की समय पर पहचान, उसके प्रमुख कारणों एवं उपचार के तौर-तरीकों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को सलाह दी कि यदि किसी को मानसिक अवसाद महसूस हो, तो उसे छिपाने के बजाय अपने निकटतम परिजनों व मित्रों से साझा करें और समस्या को पूरी गंभीरता से लें। लगातार अवसाद की स्थिति बने रहने पर बिना झिझक मनोचिकित्सक या विशेषज्ञ से परामर्श अवश्य लेना चाहिए।
टोल फ्री नंबर 14416 की दी गई जानकारी
यूथ रेडक्रॉस प्रभारी डॉ. एस. के. पांडेय ने बताया कि शिविर में सौ से अधिक विद्यार्थियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। सत्र के दौरान सामाजिक, आर्थिक दबाव तथा परीक्षा के दिनों में मानसिक स्वास्थ्य प्रबंधन से जुड़े विद्यार्थियों के सवालों व जिज्ञासाओं का विशेषज्ञों द्वारा समाधान किया गया। इसके साथ ही मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी किसी भी प्रकार की सहायता और परामर्श के लिए हेल्पलाइन ‘टोल फ्री नंबर 14416’ की जानकारी दी गई। इस अवसर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भनसुली-आर से श्रीमती नेहा देशलहरे, श्री के. एस. तिवारी, श्री उत्तम मधुकर तथा महाविद्यालय के शैक्षणिक स्टाफ सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।