पाटन। बाबा साहब अंबेडकर जयंती के अवसर पर जनपद पंचायत पाटन की अध्यक्ष कीर्ति नायक ने क्षेत्रवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए उनके अतुलनीय योगदान को याद किया। अपने संदेश में कीर्ति नायक ने कहा कि बाबा साहेब का जीवन संघर्ष, संकल्प और समर्पण की अद्वितीय मिसाल है। उन्होंने समाज के शोषित, वंचित और पिछड़े वर्गों को उनके अधिकार दिलाने के लिए जीवनभर संघर्ष किया और अपने ज्ञान व दूरदर्शिता से देश को एक सशक्त एवं न्यायपूर्ण संविधान प्रदान किया।
उन्होंने आगे कहा कि बाबा साहेब के विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं, जितने उनके समय में थे। “शिक्षित बनो, संगठित रहो, संघर्ष करो” का उनका संदेश समाज के हर वर्ग के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके आदर्शों को अपनाकर ही एक ऐसा समाज बनाया जा सकता है, जहां हर व्यक्ति को समानता, न्याय और सम्मान मिल सके।
जनपद अध्यक्ष ने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे बाबा साहेब के बताए मार्ग पर चलते हुए सामाजिक समरसता को मजबूत करें और एक सशक्त, समतामूलक एवं जागरूक समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।