दुर्ग-भिलाई। भिलाई में आयोजित सहकार भारती के राज्य स्तरीय महिला सहकारिता सम्मेलन में प्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने महंगाई, गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों, धर्म स्वतंत्रता विधेयक और महतारी वंदन योजना जैसे मुद्दों पर सरकार का पक्ष रखा। पत्रकारों से चर्चा में मंत्री ने कहा कि गैस सिलेंडर की कीमतों को केवल महंगाई के नजरिए से नहीं देखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि वैश्विक परिस्थितियों और अंतरराष्ट्रीय घटनाओं का असर भारत पर भी पड़ता है। “कुछ समय के लिए कठिनाइयां आती हैं, लेकिन देश सुरक्षित है, यह सबसे बड़ी बात है,” उन्होंने कहा।
बाहरी परिस्थितियों से प्रभावित हैं कीमतें
मंत्री ने बताया कि गैस सिलेंडर आयात पर निर्भर होने के कारण अंतरराष्ट्रीय हालात, विशेषकर युद्ध जैसी परिस्थितियों का सीधा असर कीमतों पर पड़ता है। उन्होंने कहा कि यदि ऐसी स्थिति देश के भीतर होती, तो हालात और गंभीर हो सकते थे। उन्होंने महिलाओं की भूमिका को सराहते हुए कहा कि वे हर परिस्थिति में परिवार और समाज को संभालने में सक्षम हैं।
धर्म स्वतंत्रता विधेयक पर सफाई
विधानसभा में पारित धर्म स्वतंत्रता विधेयक पर विपक्ष के आरोपों को खारिज करते हुए मंत्री ने कहा कि यह कानून सर्वसम्मति से पारित हुआ है। उन्होंने कहा कि सरकार समाज के हित में निर्णय लेती है और यह विधेयक व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से लाया गया है।
अवैध अफीम खेती पर सख्ती
प्रदेश में सामने आ रही अवैध अफीम खेती के मामलों पर मंत्री ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी भी दल का व्यक्ति इसमें शामिल पाया जाता है, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
महतारी वंदन योजना: छूटे नाम जल्द जुड़ेंगे
महतारी वंदन योजना को लेकर मंत्री ने बताया कि वर्तमान में करीब 70 लाख महिलाओं को इसका लाभ मिल रहा है। जिन पात्र महिलाओं के नाम छूट गए हैं, उन्हें जल्द जोड़ा जाएगा। इसके लिए पोर्टल दोबारा खोला जाएगा, हालांकि इसकी तारीख अभी तय नहीं की गई है।
महिला सशक्तिकरण पर जोर
सम्मेलन के दौरान मंत्री ने महिला सहकारिता को बढ़ावा देने और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।