जामगांव आर । दक्षिण पाटन के ग्राम ओदरागहन एवं बोरेंदा में नवरात्रि उत्सव के मध्य भक्त माता कर्मा की 1010वीं जयंती आस्था, श्रद्धा और सामाजिक एकता के वातावरण में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर साहू समाज के तत्वावधान में विशेष पूजा-अर्चना, भव्य महाआरती एवं आकर्षक शोभायात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में समाजजन एवं ग्रामीण श्रद्धालु शामिल हुए।
कार्यक्रम का शुभारंभ माता कर्मा की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इसके पश्चात गांव की गलियों में भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जहां श्रद्धालुओं ने माता कर्मा के जयकारों से वातावरण को भक्तिमय बना दिया। कार्यक्रम के समापन पर श्रद्धालुओं के बीच खिचड़ी प्रसाद का वितरण किया गया।
मुख्य अतिथि जिला पंचायत दुर्ग की सभापति कल्पना नारद साहू ने अपने संबोधन में कहा कि भक्त माता कर्मा का जीवन सेवा, भक्ति और समाज कल्याण के प्रति समर्पण का अद्भुत उदाहरण है। उनके आदर्श आज भी समाज को एकता, सद्भाव और सेवा के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि सच्ची श्रद्धा, समर्पण और परिश्रम के साथ समाज सेवा करने से ही सकारात्मक परिवर्तन संभव है।
इस अवसर पर नारद साहू (कोषाध्यक्ष, तहसील साहू संघ पाटन), टेसराम साहू (अध्यक्ष, परि साहू समाज बेल्हारी), कुसुमलता जैन (सरपंच, ओदरागहन), महेश गंजीर, लक्ष्मीनारायण गंजीर, पुरसोत्तम हिरवानी, योगेश साहू, पारस साहू, हेमलता साहू, मुकेश साहू, सुरेश साहू (सरपंच प्रतिनिधि कौही), यशवंत साहू (सरपंच, जरवाय) सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।