विकास, सुशासन और जनकल्याण के तीन साल… राज्य स्थापना दिवस पर छत्तीसगढ़ की प्रगति पर विधायक ललित चंद्राकर ने कही बड़ी बात

विकास, सुशासन और जनकल्याण के तीन साल… राज्य स्थापना दिवस पर छत्तीसगढ़ की प्रगति पर विधायक ललित चंद्राकर ने कही बड़ी बात

राज्य स्थापना दिवस पर विधायक चंद्राकर ने प्रदेशवासियों को दी बधाई एवं शुभकामनाएं
दुर्ग। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस एवं राज्योत्सव के अवसर पर दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर ने प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में सुशासन, विकास और जनकल्याण की नई इबारत लिखी जा रही है। सरकार का संकल्प है कि योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और गरीब, किसान, युवा, महिला एवं जरूरतमंद परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आए। विधायक चंद्राकर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ विकास की नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर है। दुर्ग ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में भी शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, अधोसंरचना और जनसुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, भवन, नाली, पुल-पुलिया, पेयजल और विद्युत व्यवस्था जैसी बुनियादी सुविधाओं के विकास को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि हमारा संकल्प दुर्ग ग्रामीण को बेहतर सड़कें और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि आम नागरिकों का जीवन अधिक सुविधाजनक बन सके।

किसानों के कल्याण और कृषि अर्थव्यवस्था को मिला संबल

विधायक ललित चंद्राकर ने कहा कि प्रदेश के 25 लाख से अधिक धान उत्पादक किसानों को 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी का लाभ मिल रहा है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि और प्रधानमंत्री धनधान्य कृषि योजना जैसी पहल किसानों को आर्थिक संबल प्रदान करने के साथ कृषि एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती दे रही हैं।

महिला सशक्तिकरण और गरीब परिवारों को मिल रहा लाभ

उन्होंने बताया कि प्रदेश के लगभग 73 लाख जरूरतमंद परिवारों को निःशुल्क राशन उपलब्ध कराया जा रहा है, वहीं 22 लाख से अधिक गरीब परिवारों का पक्के आवास का सपना साकार हुआ है। जल जीवन मिशन के माध्यम से 41 लाख से अधिक ग्रामीण घरों तक नल से जल की सुविधा पहुंची है। लगभग 40 लाख परिवारों को रसोई गैस कनेक्शन तथा करीब ढाई करोड़ आयुष्मान कार्ड के माध्यम से स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ मिला है।

चंद्राकर ने कहा कि महतारी वंदन योजना के अंतर्गत लगभग 68 लाख माताओं-बहनों को प्रतिमाह एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। इससे महिलाओं के आर्थिक स्वावलंबन और आत्मसम्मान को मजबूती मिल रही है। अंत में विधायक ललित चंद्राकर ने कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान उसकी समृद्ध संस्कृति, परंपरा, मेहनतकश जनता और विकास की आकांक्षाओं से है। राज्य स्थापना दिवस केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि प्रदेश को विकसित, समृद्ध और आत्मनिर्भर बनाने के संकल्प को दोहराने का भी दिन है। उन्होंने सभी प्रदेशवासियों से विकास की इस यात्रा में सहभागी बनने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *