
रायपुर/YC न्यूज़ डेस्क। महादेव ऑनलाइन सट्टा एप मामले में आरोपी सौरभ चंद्राकर की ओमान से भारत वापसी के बाद कानूनी कार्रवाई तेज हो गई है। दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में पेशी के दौरान उसकी गिरफ्तारी की वैधता को लेकर सीबीआई और बचाव पक्ष के बीच तीखी कानूनी बहस हुई। बचाव पक्ष के वकील ने गिरफ्तारी को अवैध बताते हुए सवाल उठाए, वहीं सीबीआई ने अपनी कार्रवाई को नए आदेश के अनुरूप बताया और अदालत से ट्रांजिट रिमांड की मांग की। मामले की सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष ने दलील दी कि भारत सरकार ने ओमान को केवल मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम कानून (PMLA) के तहत कार्रवाई की जानकारी दी थी। ऐसे में सीबीआई ने किस कानूनी आधार पर सौरभ चंद्राकर को गिरफ्तार किया? वकील ने गिरफ्तारी की प्रक्रिया और उसके कानूनी आधार पर सवाल खड़े किए।
गिरफ्तारी पर सवाल, CBI ने दिया नए आदेश का हवाला
बचाव पक्ष की दलीलों पर सीबीआई ने अदालत में अपना पक्ष रखते हुए कहा कि वकील जिस ओमानी आदेश का हवाला दे रहे हैं, वह पुराना है। एजेंसी के मुताबिक बाद में नया आदेश जारी हुआ था, जिसके तहत कार्रवाई की गई। सीबीआई ने यह भी कहा कि नए आदेश में किसी विशेष जांच एजेंसी का नाम दर्ज नहीं है। इसलिए पुराने आदेश के आधार पर गिरफ्तारी को अवैध नहीं बताया जा सकता।
सौरभ का कथित फर्जी पासपोर्ट भी जब्त
अदालती कार्यवाही के दौरान सीबीआई ने सौरभ चंद्राकर का कथित फर्जी पासपोर्ट जब्त करने की जानकारी भी दी। जांच एजेंसी के लिए यह दस्तावेज महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि सौरभ लंबे समय से विदेश में रह रहा था। उसकी विदेश यात्रा और पासपोर्ट से जुड़े पहलुओं की जांच भी मामले में अहम हो सकती है।
ओमान से भारत लाया गया सौरभ, दो मामलों में CBI को तलाश
सीबीआई की विशेष टीम सौरभ चंद्राकर को ओमान से भारत लेकर आई है। वह सीबीआई के दो मामलों में वांछित था, जिनमें आरोपपत्र दाखिल किए जा चुके हैं। इसके अलावा प्रवर्तन निदेशालय (ED) के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में भी उसके खिलाफ अभियोजन शिकायत दाखिल की गई है।
जांच एजेंसियों के अनुसार, महादेव ऑनलाइन बुक के जरिए देशभर में सट्टेबाजी का नेटवर्क संचालित किए जाने का आरोप है। जांच में सट्टे की रकम को कथित तौर पर म्यूल बैंक खातों के माध्यम से कई स्तरों पर घुमाकर विदेश भेजने की बात सामने आई है। फिलहाल सौरभ चंद्राकर की गिरफ्तारी की वैधता, सीबीआई की ट्रांजिट रिमांड की मांग और बचाव पक्ष की दलीलों पर अदालत की कार्यवाही इस हाईप्रोफाइल मामले का अहम पहलू बन गई है। अब सबकी नजर अदालत के अगले रुख और जांच एजेंसियों की आगे की कार्रवाई पर टिकी है।