पाटन। भाजपा प्रदेश मंत्री जितेन्द्र वर्मा ने धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा को नमन करते हुए कहा कि उनका अदम्य साहस, त्याग, संघर्ष और मातृभूमि के प्रति समर्पण सदैव देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने अंग्रेजी हुकूमत के विरुद्ध संघर्ष कर जनजातीय समाज के स्वाभिमान, अधिकारों और सांस्कृतिक अस्मिता की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया।
वर्मा ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा सहित जनजातीय समाज के महानायकों के संघर्ष, त्याग और बलिदान को राष्ट्रीय पहचान एवं सम्मान दिलाने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की ऐतिहासिक पहल की, जो सराहनीय है। आज यह दिवस देश के गौरव, जनजातीय अस्मिता और सांस्कृतिक विरासत के सम्मान का प्रतीक बन चुका है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार जनजातीय समाज के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, सड़क, बिजली, पेयजल, रोजगार और आर्थिक सशक्तिकरण के क्षेत्र में लगातार योजनाएं संचालित की जा रही हैं। दशकों तक विकास की मुख्यधारा से दूर रहे जनजातीय अंचलों में अब बुनियादी सुविधाओं का विस्तार हो रहा है और लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव दिखाई दे रहा है।
वर्मा ने बताया कि जनजातीय समाज के विकास के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का प्रमाण जनजातीय बजट में हुई उल्लेखनीय वृद्धि है। जनजातीय बजट 4,498 करोड़ रुपये से बढ़कर 15,422 करोड़ रुपये हो गया है। वहीं, विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों के उत्थान के लिए 24,104 करोड़ रुपये की प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महा अभियान (पीएम-जनमन) योजना संचालित की जा रही है। इसके तहत 1,15,200 लोगों को आयुष्मान कार्ड उपलब्ध कराए गए हैं, जबकि 22,674 जनजातीय किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ मिला है।
उन्होंने कहा कि धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के माध्यम से छत्तीसगढ़ के 6,691 जनजातीय गांवों में 25 विकास गतिविधियों के जरिए 11 लाख से अधिक परिवारों को लाभान्वित करने का लक्ष्य रखा गया है। नया रायपुर में देश के पहले डिजिटल जनजातीय संग्रहालय की स्थापना जनजातीय इतिहास, संस्कृति और गौरवशाली विरासत को आधुनिक स्वरूप में प्रस्तुत करने की महत्वपूर्ण पहल है।
वर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना के तहत प्रदेश के 13 जिलों में 106 मार्गों पर 107 बसों का संचालन किया जा रहा है, जिससे 850 नए गांव पहली बार नियमित बस सेवा से जुड़े हैं। वहीं, वीर गुंडाधुर सेवा डेरा और 200 सुरक्षा कैंपों को जनसुविधा एवं जनसेवा केंद्रों के रूप में विकसित करने की पहल से जनजातीय क्षेत्रों में सुविधाओं, विश्वास और विकास को नई मजबूती मिल रही है। भाजपा प्रदेश मंत्री जितेन्द्र वर्मा ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन अन्याय के विरुद्ध संघर्ष, स्वाभिमान की रक्षा और समाज के उत्थान के लिए समर्पित रहने की प्रेरणा देता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जनजातीय समाज को उसका उचित सम्मान, अधिकार और विकास के नए अवसर मिल रहे हैं। जनजातीय समाज का सशक्तिकरण ही विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।