जामगांव आर। दक्षिण पाटन क्षेत्र में खारुन नदी के तट पर बसे शक्तिश्वर महादेव धाम ओदरागहन में एक दिवसीय कबड्डी प्रतियोगिता का शुभारंभ जिला पंचायत दुर्ग के सभापति प्रतिनिधि नारद साहू एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने किया। प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि नारद साहू ने कहा कि ओदरागहन गांव कबड्डी के नाम से पूरे क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान रखता है। यह गर्व की बात है कि आज की युवा पीढ़ी भी गांव की इस खेल परंपरा और गरिमा को बनाए रखने में जुटी हुई है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इस तरह के खेल आयोजनों का निरंतर आयोजन होना चाहिए। युवाओं को खेल सहित प्रत्येक क्षेत्र में अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए आगे आना चाहिए।
वहीं जनपद पंचायत पाटन के सभापति रवि सिन्हा ने आयोजन समिति और युवा पीढ़ी को प्रतियोगिता के आयोजन के लिए बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए भविष्य में कबड्डी के लिए नया मैट उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयास करने की प्रतिबद्धता जताई।
कार्यक्रम में भाजपा नेता नारद साहू, जनपद पंचायत पाटन के सभापति रवि सिन्हा, खिलेश गंजीर, ग्रामीण साहू समाज ओदरागहन के अध्यक्ष पुरुषोत्तम हिरवानी, चंदू साहू, भाजयुमो जामगांव आर मंडल के उपाध्यक्ष अभिषेक सेन, भारत निर्मलकार एवं साकेत साहू मंचासीन रहे।
आयोजन समिति की ओर से रूपेश साहू, इंद्रजीत साहू, पंकज साहू, विजय साहू, ओंकार साहू, नूरेंद्र साहू, ढालसिंग गंजीर सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के आयोजन से क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने और ग्रामीण अंचल में कबड्डी को प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।