बगिया में मां का आशीर्वाद: 62वें जन्मदिन पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने लिया आशीष, पीएम मोदी ने दी शुभकामनाएं

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शनिवार को अपना 62वां जन्मदिन अपने पैतृक गांव बगिया में सादगी और पारिवारिक माहौल में मनाया। घर पहुंचते ही वे सबसे पहले अपनी मां जसमनी देवी के पास पहुंचे और उनके चरण स्पर्श किए। मां ने बेटे का माथा चूमकर उन्हें दीर्घायु और स्वस्थ जीवन का आशीर्वाद दिया। जन्मदिन के अवसर पर गांव में दिनभर जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और ग्रामीणों का बधाई देने के लिए तांता लगा रहा। मुख्यमंत्री साय ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “जनस्नेह ही मेरी सबसे बड़ी ताकत है।” राम सदन में सत्यनारायण व्रत कथा का आयोजन भी किया गया, जिसमें उनकी माता जसमनी देवी, धर्मपत्नी कौशल्या साय और अन्य परिजन शामिल हुए। धार्मिक अनुष्ठान के बाद उपस्थित लोगों को प्रसाद वितरित किया गया।

इस अवसर पर सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रम भी आयोजित हुए। इचकेला छात्रावास की राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने वाली छात्राओं को 15 क्रिकेट किट वितरित की गईं। वहीं पहाड़ी कोरवा समाज के प्रतिनिधि पारंपरिक वेशभूषा में पहुंचकर मुख्यमंत्री को शुभकामनाएं देने आए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी मुख्यमंत्री साय को जन्मदिन की बधाई देते हुए उनके दीर्घ और स्वस्थ जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के विकास के लिए साय के प्रयास सराहनीय हैं और प्रदेश के लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आ रहा है। गांव की मिट्टी में सादगी से मनाया गया यह जन्मदिन समारोह मुख्यमंत्री के अपने जड़ों से जुड़े रहने और जनसंपर्क की भावना को दर्शाता रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *