भिलाई। दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल ने शानिवार को प्रेस वार्ता में जानकारी दी कि सांसद खेल महोत्सव 2025-26 का शुभारंभ रविवार, 21 सितम्बर को सुबह 9 बजे सेक्टर-2 स्टेडियम, भिलाई से होगा। महोत्सव का उद्देश्य ग्रामीण और शहरी अंचलों की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने बताया कि उद्घाटन अवसर पर मशाल दौड़ का आयोजन किया जाएगा, जो विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों से गुजरते हुए शाम 6:40 बजे सेक्टर-2 स्टेडियम में समापन होगा। मशाल दौड़ का प्रमुख पड़ाव भिलाई नगर, उतई, डम्पिंग, कुम्हारी, मुरमुन्दा, अहिवारा, बेरला, बेमेतरा, नवागढ़, बानखम्हरिया, साजा, धमधा, दुर्ग और नेहरू नगर रहेगा। इस दौरान खिलाड़ी, जनप्रतिनिधि, अधिकारी, विद्यार्थी और नागरिक बड़ी संख्या में भागीदारी करेंगे।
आधुनिक खेलों में कुश्ती, वेटलिफ्टिंग, योगासन, एथलेटिक्स और वॉलीबॉल शामिल किए गए हैं। वहीं पारंपरिक खेलों में सुरीली कुर्सी, फुगड़ी, गेड्डी, खो-खो और कबड्डी का आयोजन होगा। प्रतियोगिताएं 9 वर्ष से लेकर 30 वर्ष से अधिक आयु वर्ग तक महिला, पुरुष और दिव्यांग श्रेणियों में होंगी। महोत्सव चार स्तरों पर आयोजित होगा—ग्राम पंचायत/वार्ड स्तर (6 से 10 अक्टूबर), क्लस्टर/नगरीय स्तर (11 से 17 अक्टूबर), विधानसभा स्तर (10 से 15 नवम्बर) और लोकसभा स्तर (23 से 25 दिसम्बर)।
सांसद विजय बघेल ने जनता से अपील की कि वे इस आयोजन में उत्साहपूर्वक शामिल होकर खेल भावना और परंपरागत खेल संस्कृति को आगे बढ़ाएं।
ऑनलाइन पंजीयन के लिए: WWW.SANSADKHELMAHOTSAV.IN