
भिलाई। दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल ने सांसद निधि से ₹12 लाख की लागत से निर्मित सत्संग सभागार एवं वाचनालय भवन का दीक्षित कॉलोनी, कोसा नगर भिलाई में फीता काटकर लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने संत कबीर साहेब के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा पूज्य संत बलवान साहेब का पुष्पमाला पहनाकर आत्मीय स्वागत किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित सांसद विजय बघेल ने कहा कि संत कबीर साहेब की वाणी मानव जीवन को सही दिशा देने वाली अमूल्य धरोहर है। उनके प्रत्येक शब्द में समाज को जोड़ने, सद्भाव और मानवता का संदेश समाहित है। उन्होंने कहा कि कबीर साहेब के अनुयायी उनकी शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाकर समाज को संगठित करने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं।
सांसद ने आश्वस्त किया कि कबीर मंदिर समिति समाजहित में जो भी उचित प्रस्ताव रखेगी, उसके लिए वे सदैव सहयोग के लिए तैयार रहेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि नवनिर्मित सत्संग सभागार एवं वाचनालय भवन में नियमित रूप से कबीर साहेब की अमृतवाणी का सत्संग होगा और यह भवन सामाजिक, आध्यात्मिक तथा सांस्कृतिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनेगा। कार्यक्रम में पूज्य संत महान साहेब जी (आचार्य, श्री कबीर निर्णय मंदिर, नागझिरी, बुरहानपुर), पूज्य संत निकटेश्वर साहेब जी, पुर्षेन्द्र साहेब, रमण साहेब, कल्याण साहेब, महंत अन्त राम साहेब, साध्वी विजय लक्ष्मी, प्रीतम दास साहू, संतोष गोड, पोखन साहू, सांसद प्रतिनिधि प्रमोद सिंह, वार्ड क्रमांक 5 के पार्षद संदीप निरंकारी, निर्मल साहू, जंगलु साहू, गिरधर साहू एवं तामेश्वर लाल साहू सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
इस दौरान पार्षद संदीप निरंकारी ने भवन के लिए पांच पंखे, सांसद प्रतिनिधि प्रमोद सिंह ने दो पंखे तथा पोखन साहू ने बिजली वायरिंग की व्यवस्था समर्पित की।