पाटन। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस आज पूरे प्रदेश में उल्लास और गौरव के साथ मनाया गया। दुर्ग लोकसभा क्षेत्र के सांसद माननीय विजय बघेल ने इस अवसर पर सबसे पहले छत्तीसगढ़ महतारी को नमन करते हुए पूरे प्रदेश की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। सांसद विजय बघेल सुबह-सुबह पाटन पहुंचे और वहां छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में क्षेत्र के गणमान्य नागरिक एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। पाटन में आयोजित विशेष स्थापना दिवस कार्यक्रम में सांसद विजय बघेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ महतारी की विशेष पूजा-अर्चना की गई तथा स्थानीय एक बालिका को छत्तीसगढ़ महतारी के रूप में सजाया गया, जिसका विशेष सम्मान किया गया।
अपने संबोधन में सांसद विजय बघेल ने कहा —हमारे पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी जी ने छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण कर हमारे पुरखों के स्वप्न को साकार किया। आज जो विकास हम देख रहे हैं, वह उसी दूरदृष्टि का परिणाम है। वर्तमान प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने महिलाओं, युवाओं और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए अनेक योजनाएं शुरू की हैं, जिनका लाभ अब छत्तीसगढ़ के हर घर तक पहुँच रहा है।।उन्होंने कहा कि “छत्तीसगढ़ महतारी हमारी सांस्कृतिक पहचान, मातृत्व और खुशहाली की प्रतीक हैं। राज्य स्थापना दिवस हम सबके लिए गर्व और आत्मसम्मान का दिवस है।”
कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष योगेश निक्की भाले, उपाध्यक्ष निशा सोनी, सांसद प्रतिनिधि राजा पाठक, सुरेंद्र वर्मा, रानी बंछोर, अखिलेश मिश्रा, पार्षद केवल देवांगन, तथा मुख्य नगर पालिका अधिकारी हेमंत वर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित रहे।