रायपुर, 1 नवम्बर 2025। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज छत्तीसगढ़ के 25वें राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर रायपुर पहुंचे। एयरपोर्ट से सीधे उन्होंने सत्य साई अस्पताल का रुख किया, जहां उन्होंने बच्चों से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना। प्रधानमंत्री की यह यात्रा राज्य के स्वास्थ्य और विकास क्षेत्र में नई ऊर्जा का प्रतीक मानी जा रही है। राज्य स्थापना दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री मोदी ने छत्तीसगढ़ के लोगों को शुभकामनाएँ दीं और प्रदेश की प्रगति की सराहना की। उन्होंने कहा —
“प्रकृति और संस्कृति के प्रति समर्पित छत्तीसगढ़ आज प्रगति के नए मानदंड स्थापित कर रहा है। जो क्षेत्र कभी नक्सलवाद से प्रभावित थे, वे अब विकास की दौड़ में अग्रसर हैं। मुझे विश्वास है कि छत्तीसगढ़ के मेहनती और प्रतिभाशाली लोग ‘विकसित भारत’ के विजन को साकार करने में अहम भूमिका निभाएँगे।”
प्रधानमंत्री ने यह संदेश सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर साझा करते हुए लिखा —
“छत्तीसगढ़ के अपने सभी भाई-बहनों को राज्य स्थापना दिवस की 25वीं वर्षगांठ की अनेक शुभकामनाएँ। यह प्रदेश प्रकृति और संस्कृति का संगम है, जो आज नित-नए विकास की मिसालें गढ़ रहा है। मेहनती और हुनरमंद लोगों की लगन से यह राज्य ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य को साकार करने में अग्रणी भूमिका निभाएगा।”
प्रधानमंत्री की रायपुर यात्रा के दौरान प्रदेश में उत्सव और उत्साह का माहौल है। लोग छत्तीसगढ़ के 25 गौरवशाली वर्षों को याद करते हुए राज्य के वन्यजीव, कला, संस्कृति, लोक संगीत, पर्यटन और स्थानीय उद्योगों को समृद्ध बनाने के संकल्प के साथ स्थापना दिवस मना रहे हैं।