
गाय के गोबर से निर्मित अनूठी हनुमान प्रतिमा के दर्शन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की
भिलाई । दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल ने शुक्रवार को ग्राम नारदा स्थित प्रसिद्ध बाबा रुक्खडनाथ धाम पहुंचकर पश्चिममुखी हनुमान मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की तथा भगवान हनुमान जी का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की कामना की। गौरतलब है कि ग्राम नारदा स्थित पश्चिममुखी हनुमान मंदिर अपनी विशिष्ट पहचान के लिए दूर-दूर तक प्रसिद्ध है। यह मंदिर हिन्दुस्तान का पहला ऐसा मंदिर माना जाता है, जहां भगवान हनुमान जी की प्रतिमा गाय के गोबर से निर्मित है। मंदिर की इस अनूठी विशेषता का उल्लेख प्रसिद्ध कथा वाचक धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने भी अपनी कथा के दौरान किया था, जिसके बाद इस धाम की ख्याति और अधिक बढ़ी है।
सांसद विजय बघेल ने मंदिर परिसर का अवलोकन करते हुए इसकी आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और धार्मिक महत्ता की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक स्थल भारतीय संस्कृति, सनातन परंपराओं और गौ-संवर्धन के संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि धार्मिक आस्था के ये केंद्र समाज में सकारात्मक ऊर्जा और सांस्कृतिक चेतना का संचार करते हैं।इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रविशंकर सिंह, ग्राम सरपंच विपिन शर्मा सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक, श्रद्धालु एवं भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने बाबा रुक्खडनाथ धाम एवं पश्चिममुखी हनुमान मंदिर में दर्शन कर प्रदेश और देश की उन्नति, सुख-समृद्धि तथा खुशहाली की कामना की।