पीलिया प्रभावित क्षेत्र में पहुंचे सांसद विजय बघेल, लीकेज पाइपलाइन पर जताई चिंता—नि:शुल्क इलाज और जांच के दिए निर्देश

भिलाई। दुर्ग लोकसभा क्षेत्र के सांसद विजय बघेल ने रविवार सुबह सेक्टर-7 स्थित शंभु महादेव हनुमान सेवा समिति क्षेत्र के पीलिया प्रभावित इलाकों का दौरा कर हालात का जायजा लिया। उन्होंने मरीजों के घर पहुंचकर उनका कुशलक्षेम जाना और परिजनों से चर्चा कर स्थिति की विस्तृत जानकारी ली।
दौरे के दौरान सांसद ने Bhilai Steel Plant (बीएसपी) प्रबंधन द्वारा किए जा रहे कार्यों का निरीक्षण भी किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में वर्षों पुरानी पेयजल पाइपलाइन की स्थिति स्पष्ट नहीं है और कई स्थानों पर लीकेज की समस्या सामने आ रही है, जो संक्रमण फैलने का कारण बन सकती है। पाइपलाइन के सुधार और प्रतिस्थापन का कार्य जारी है तथा स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना प्राथमिकता है।

सांसद ने बताया कि क्षेत्र में अब तक 29 लोग पीलिया से प्रभावित हुए हैं, जिनमें से 24 मामलों की पुष्टि हो चुकी है। स्थानीय निवासियों ने जांच शुल्क अधिक होने की समस्या बताई, जिस पर सांसद ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी जांच और उपचार पूरी तरह नि:शुल्क किए जाएं। साथ ही उन्नत जांच किट के माध्यम से सभी आवश्यक परीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने जिला प्रशासन को प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल चिकित्सा शिविर लगाने, शुद्ध पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने और सभी मरीजों का पूर्ण नि:शुल्क उपचार कराने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने उपस्थित चिकित्सक डॉ. बंजारे से मरीजों की स्थिति की जानकारी भी ली। दौरे के समय बीएसपी वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष उज्जवल दत्ता, सांसद प्रतिनिधि प्रमोद सिंह, भाजपा नेता सोनू पंडित, जिला उपाध्यक्ष गोपाल कृष्ण वर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष वीरेन्द्र साहू सहित कई जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *