अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में शहीद चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा के अनावरण को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम से पहले ही देर रात प्रतिमा का अनावरण किए जाने पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष विकल झा समेत कई कार्यकर्ताओं के खिलाफ कोतवाली थाने में FIR दर्ज कर ली है। जानकारी के अनुसार, 9 अप्रैल की रात युवा कांग्रेस के नेता अपने समर्थकों के साथ प्रतिमा स्थल पहुंचे और नारियल फोड़कर व माल्यार्पण कर अनावरण कर दिया। यह कार्यक्रम पहले से निर्धारित नहीं था और मुख्यमंत्री के आधिकारिक अनावरण कार्यक्रम से पहले ही इस कार्रवाई ने प्रशासनिक व्यवस्था को चुनौती दे दी। इस मामले में नगर निगम के सहायक अभियंता की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज किया है। FIR में आरोप लगाया गया है कि बिना अनुमति किए गए इस अनावरण से कानून-व्यवस्था प्रभावित हो सकती थी। साथ ही विकल झा और अन्य कार्यकर्ताओं पर सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने, भड़काऊ भाषण देने और अफवाह फैलाने जैसे गंभीर आरोप भी लगाए गए हैं।
मामले में पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रशासन का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की बारीकी से जांच की जा रही है और दोषियों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं, युवा कांग्रेस ने इस कार्रवाई को शहीदों के सम्मान से जोड़ते हुए कहा है कि प्रतिमा को लेकर लंबे समय से अनदेखी की जा रही थी, जिसके विरोध में यह कदम उठाया गया। उनका दावा है कि यह कदम पूरी तरह भावनात्मक और सम्मानजनक उद्देश्य से उठाया गया था। इधर, भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा प्रतिमा स्थल पर गंगाजल छिड़ककर ‘शुद्धिकरण’ किए जाने की खबर ने विवाद को और हवा दे दी है। इस पूरे घटनाक्रम ने राजनीतिक माहौल को गरमा दिया है और आम जनता के बीच भी इस बात को लेकर बहस छिड़ गई है कि शहीदों के नाम पर राजनीति किस हद तक उचित है। फिलहाल प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और जांच के निष्कर्ष का इंतजार किया जा रहा है।